मोहाली: पंजाब पुलिस ने सीमा पार से संचालित हो रहे एक बड़े आतंकी नेटवर्क को समय रहते ध्वस्त कर राज्य को किसी बड़ी त्रासदी से बचा लिया है। स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) मोहाली ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए विदेशों में बैठे आतंकी ऑपरेटिव के दो सक्रिय सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से एक जिंदा इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) भी बरामद की है, जिससे राज्य में किसी बड़े धमाके को अंजाम देने की तैयारी थी।
सार्वजनिक ठिकानों को उड़ाने का था प्लान
पंजाब पुलिस के महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने इस पूरे ऑपरेशन का खुलासा करते हुए बताया कि SSOC की टीम ने पुख्ता इनपुट के आधार पर जाल बिछाकर इन दोनों आरोपियों को दबोचा। शुरुआती जांच में जो सच सामने आया है, उसने सुरक्षा एजेंसियों के भी कान खड़े कर दिए हैं। पकड़े गए आतंकियों के निशाने पर पंजाब का पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर (सार्वजनिक ढांचा) था। वे किसी बड़े सार्वजनिक स्थान या सरकारी इमारत को निशाना बनाकर राज्य की शांति व्यवस्था को भंग करना चाहते थे, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी से इस खौफनाक साजिश को वक्त रहते नाकाम कर दिया गया।
हैंडलर्स और नेटवर्क की तलाश में जुटी एजेंसियां
इस मामले में पुलिस और केंद्रीय जांच एजेंसियां अब बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगालने में जुट गई हैं। पकड़े गए दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि सीमा पार या विदेशों में बैठे उनके असली हैंडलर्स कौन हैं, उन्हें आईईडी की सप्लाई कहां से हुई थी और इस मॉड्यूल में और कौन-कौन से लोग शामिल हैं।
पंजाब पुलिस ने साफ किया है कि सूबे में आतंकी नेटवर्क को पूरी तरह से नेस्तनाबूद करने और संगठित अपराध पर अंकुश लगाने के लिए सख्त से सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। राज्य में शांति, भाईचारा और जन सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस बल पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।

Major Plot to Destabilize Punjab Foiled: SSOC Apprehends Two Operatives of Foreign




