You are currently viewing बड़ी ख़बर: जालंधर कोर्ट का सख्त एक्शन, पत्रकार नीरज जिंदल पर हमला करने वाले प्रिंस लाहौरिया और मीता लाहौरिया पर FIR के आदेश

बड़ी ख़बर: जालंधर कोर्ट का सख्त एक्शन, पत्रकार नीरज जिंदल पर हमला करने वाले प्रिंस लाहौरिया और मीता लाहौरिया पर FIR के आदेश

जालंधर: जालंधर की अदालत ने गवाह को धमकाने और अदालत में गवाही देने से रोकने के एक गंभीर मामले में सख्त रुख अपनाया है। ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास-5, जालंधर ने थाना रामा मंडी पुलिस को कड़े निर्देश देते हुए प्रिंस लाहौरिया उर्फ सरबजीत सिंह और मीता लाहौरिया के खिलाफ तुरंत एफआईआर (FIR) दर्ज करने का आदेश दिया है। अदालत ने माना है कि मामले में प्रथम दृष्टया भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 232 के तहत अपराध बनता है।

गवाही से रोकने के लिए किया गया घर और दफ्तर पर हमला

अदालत में दायर याचिका के दौरान नीरज जिंदल का पक्ष रखते हुए वकील मनित मल्होत्रा और मानव मल्होत्रा ने बताया कि उनके मुवक्किल सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों के साथ-साथ गैंगस्टरों से जुड़ी खबरें प्रमुखता से प्रकाशित करते हैं। ड्रग तस्करों और गैंगस्टरों के खिलाफ बेबाक खबरें चलाने के कारण नीरज पर कई बार जानलेवा हमले किए गए हैं। याचिका में आरोप लगाया गया है कि प्रिंस लाहौरिया और मीता लाहौरिया ने अपने गुर्गों के साथ मिलकर नीरज को न सिर्फ जान से मारने की धमकियां दीं, बल्कि उनके घर और दफ्तर पर हमला कर पत्थरबाजी भी की। यह पूरी साजिश नीरज को अदालत में गवाही देने से रोकने और डराने के लिए रची जा रही थी।

पहले से चल रहे हैं मामले, अब पुलिस करेगी नई जांच

कोर्ट के रिकॉर्ड में यह बात स्पष्ट रूप से सामने आई है कि थाना रामा मंडी में इस विवाद से जुड़ी तीन एफआईआर (नंबर 163/2023, 320/2023 और 345/2023) पहले से दर्ज हैं, जिनका ट्रायल अदालत में चल रहा है और नीरज जिंदल इन मामलों में मुख्य गवाह हैं। लगातार मिल रही धमकियों, शिकायत और रिकॉर्ड पर मौजूद सबूतों को देखने के बाद अदालत ने थाना रामा मंडी के एसएचओ (SHO) को आदेश दिया है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ बिना किसी देरी के नई एफआईआर दर्ज की जाए और मामले की निष्पक्ष व सख्त कानूनी जांच सुनिश्चित की जाए।

Jalandhar Court Takes Strict Action in Case of Obstructing Testimony