You are currently viewing बिक्रम मजीठिया पर लटकी गिरफ्तारी की तलवार, अमृतसर से चंडीगढ़ तक छापेमारी; पुलिस ने बनाईं 12 टीमें

बिक्रम मजीठिया पर लटकी गिरफ्तारी की तलवार, अमृतसर से चंडीगढ़ तक छापेमारी; पुलिस ने बनाईं 12 टीमें

अमृतसर: पंजाब की सियासत से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। शिरोमणि अकाली दल के सीनियर नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया की मुश्किलें बेहद बढ़ गई हैं और उन पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। अमृतसर पुलिस ने मजीठिया को दबोचने के लिए एक-दो नहीं, बल्कि पूरी 12 विशेष टीमों का गठन किया है। पुलिस की ये टीमें न सिर्फ अमृतसर बल्कि राजधानी चंडीगढ़ समेत पंजाब के कई जिलों में मजीठिया की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं।

थाने से जबरन साथी छुड़ाने का आरोप, मजीठिया समेत कई पर केस दर्ज

पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, कल यानी 31 मई को मजीठा थाने में एक बड़ा हाई-प्रोफाइल ड्रामा हुआ था। आरोप है कि बिक्रम सिंह मजीठिया और उनके सहयोगियों ने मजीठा थाने में घुसकर पुलिसिया कार्रवाई में बाधा डाली और वहां से जबरन अपने एक साथी को छुड़ाकर ले गए। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मजीठिया और उनके साथियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है, जिसके बाद से ही उनकी गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाया जा रहा है।

ग्रीन एवेन्यू से लेकर MLA हॉस्टल तक दबिश

बिक्रम सिंह मजीठिया के घर के बाहर भारी तादाद में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मौके पर मौजूद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मजीठिया की धरपकड़ के लिए चौतरफा घेराबंदी की गई है। अमृतसर के पॉश इलाके ग्रीन एवेन्यू स्थित उनके आवास, चंडीगढ़ में एमएलए (MLA) हॉस्टल के कमरों के अलावा करीब 6 से ज्यादा अन्य संभावित ठिकानों पर पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। फिलहाल मजीठिया का कुछ पता नहीं चल सका है, लेकिन पुलिस के आला अधिकारियों का दावा है कि उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस पूरी कार्रवाई के बाद से पंजाब की राजनीति में भूचाल आ गया है।

Sword of Arrest Hangs Over Bikram Majithia; Raids Conducted from Amritsar to Chandigarh