बठिंडा: बठिंडा में एक 18 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कातिलों ने वारदात को अंजाम देने के बाद युवक के शव और उसकी मोटरसाइकिल को एक ड्रेन (नाले) में फेंक दिया। रविवार को पुलिस ने ड्रेन से युवक का सड़ा-गला शव और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। करीब एक सप्ताह तक पानी में डूबे रहने के कारण शव की हालत बेहद खराब हो चुकी थी। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
सीसीटीवी फुटेज से खुला हत्या का राज
मृतक की पहचान बठिंडा के कोटफत्ता निवासी अमरीक सिंह उर्फ विक्की सिंह के रूप में हुई है, जो बीती 23 मई से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता था। अमरीक के अचानक गायब होने के बाद से ही परिवार वाले उसकी लगातार तलाश कर रहे थे। इसी बीच परिजनों को कोटफत्ता के पास स्थित ड्रेन में एक शव और कुछ ही दूरी पर एक मोटरसाइकिल पड़े होने की सूचना मिली।
मामले की तफ्तीश के दौरान पुलिस ने जब इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो कड़ियां जुड़ती चली गईं। फुटेज में 23 मई को अमरीक सिंह को आखिरी बार कोटफत्ता के ही दो युवकों के साथ जाते हुए देखा गया था।
पानी में रहने के कारण बुरी तरह गल चुका था शव
घटना की जानकारी मिलते ही थाना कोटफत्ता पुलिस और समाजसेवी संस्था ‘नौजवान वेलफेयर सोसाइटी’ बठिंडा की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद नाले से शव और मोटरसाइकिल को बाहर निकाला। पानी में कई दिनों तक पड़े रहने के कारण अमरीक का शव बुरी तरह गल-सड़ चुका था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी में अमरीक के साथ दिखे दोनों युवक नशे के आदी बताए जा रहे हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर जब कड़ाई से पूछताछ की, तो उन्होंने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि, हत्या के असली कारणों और इस वारदात के पीछे छिपे अन्य पहलुओं को लेकर पुलिस की जांच अभी जारी है।

In a shocking incident in Punjab, an 18-year-old man, missing since May 23




