चंडीगढ़: चंडीगढ़ के बुड़ैल इलाके से हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां रहने वाली महज 15 साल की एक नाबालिग लड़की ने अपने ही पड़ोस में रहने वाले 10 साल के एक मासूम बच्चे का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया। शातिर लड़की बच्चे को बहला-फुसलाकर धार्मिक नगरी हरिद्वार ले गई, जहां उसने बच्चे को एक अनजान महिला के हवाले कर दिया। इसके बाद उस मासूम को डरा-धमकाकर सड़कों पर भीख मंगवाई गई और पहचान छिपाने के लिए उसके बाल तक काट दिए गए।
जूस का लालच, फिर सिगरेट पिलाकर किया बेहोश; बच्चे ने सुनाई आपबीती
पुलिस चौकी में मौजूद पीड़ित मासूम ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि पड़ोस में रहने वाली दीदी उसे जूस पिलाने के बहाने अपने साथ ले गई थी। इसके बाद उसने जबरदस्ती उसे सिगरेट पीने को मजबूर किया, जिसे पीते ही वह बेहोश हो गया। बच्चे ने बताया, “जब मुझे होश आया तो मैं ट्रेन में था। मैंने वहां से भागने की कोशिश की, तो दीदी ने मेरी बाजू जोर से पकड़ ली और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी।” हरिद्वार पहुंचने पर लड़की ने उसे एक अनजान महिला को सौंप दिया, जो उससे दिनभर भीख मंगवाती थी और रात को लंगर में खाना खिलाती थी।
हरिद्वार के घाटों पर रातभर सोए लोगों की चादरें हटाकर ढूंढता रहा बेबस पिता
बच्चे के दिहाड़ी मजदूर पिता और मासी के लिए यह समय किसी नरक से कम नहीं था। उन्होंने बताया कि हरिद्वार जैसे बड़े और भीड़भाड़ वाले शहर में बच्चे को ढूंढना भूसे के ढेर में सुई तलाशने जैसा था। पिता ने रोते हुए बताया कि वे दोनों रातभर हरिद्वार के विभिन्न घाटों, सड़कों और बाजारों के चक्कर काटते रहे। फुटपाथ और घाटों पर सो रहे अनजान लोगों के चेहरों से चादरें हटा-हटाकर वे अपने कलेजे के टुकड़े को तलाश रहे थे। इस दौरान कई सोते हुए लोगों ने उन्हें गालियां भी दीं और भला-बुरा कहा, लेकिन बेटे की चाह में वे बिना रुके आगे बढ़ते रहे। आखिरकार तड़के एक अनजान शख्स के पास सो रहे दो बच्चों में से एक उनका बेटा निकला। पिता को देखते ही मासूम उनके गले लगकर फूट-फूटकर रोने लगा।
चोरी कर वापस चंडीगढ़ लौटी आरोपी लड़की, ऐसे चढ़ी पुलिस के हत्थे
पुलिस की पूछताछ में इस पूरे गिरोह को लेकर एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी नाबालिग लड़की हरिद्वार में जिस महिला के साथ मिलकर बच्चे से भीख मंगवा रही थी, वह 27 मई को उसी महिला का मोबाइल फोन और 7000 रुपये नकद चुराकर अकेली चंडीगढ़ भाग आई थी। चंडीगढ़ पहुंचते ही दूसरे ही दिन मुस्तैद पुलिस और बच्चे के परिजनों की सतर्कता के कारण वह धरी गई।
पुलिस ने दर्ज किया केस, कराया गया मेडिकल
परिजनों की सूझबूझ और भारी कोशिशों के बाद चंडीगढ़ पुलिस की टीम शनिवार शाम को बच्चे को हरिद्वार से सकुशल रेस्क्यू कर वापस ले आई है। पुलिस ने आरोपी नाबालिग लड़की के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) (अपहरण या बहला-फुसलाकर ले जाना) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पीड़ित बच्चे का मेडिकल टेस्ट करवाने के बाद ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया, जहां अदालत में उसके धारा 164 के तहत बयान दर्ज करवाए गए हैं। पुलिस अब हरिद्वार की उस फरार महिला की तलाश में छापेमारी कर रही है।

In Chandigarh, a 15-year-old girl kidnapped an innocent 10-year-old neighbor, luring him




