जालंधर: अगर आप विदेश में रहकर नौकरी करने और घूमने का सपना देख रहे हैं, तो ऑस्ट्रेलियाई सरकार आपके लिए एक शानदार अवसर लेकर आई है। ऑस्ट्रेलिया ने युवाओं के लिए खास ‘लॉटरी वीजा’ यानी वर्क एंड हॉलिडे वीजा की घोषणा की है। इस वीजा के जरिए 18 से 30 वर्ष के युवा पूरे एक साल तक ऑस्ट्रेलिया में रहकर काम करने के साथ-साथ घूमने की आजादी पा सकते हैं। इसके लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 4 जून से शुरू होकर 25 जून तक चलेगी, जिसका मतलब है कि युवाओं के पास अपना फॉर्म भरने के लिए कुल तीन हफ्ते का समय होगा। इस शुरुआती प्रक्रिया की फीस मात्र 25 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर यानी लगभग 1500 रुपए तय की गई है।
किसी भी विषय से पढ़ाई करने वाले युवा हैं योग्य
इस वर्क एंड हॉलिडे वीजा की सबसे अच्छी बात यह है कि इसमें किसी भी खास स्ट्रीम या विषय की कोई पाबंदी नहीं लगाई गई है। चाहे आपने आर्ट्स, इंजीनियरिंग, आईटी या किसी अन्य विषय में पढ़ाई की हो, आप बेझिझक इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए केवल किसी भी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी या संस्थान से पढ़ाई पूरी होना अनिवार्य है। यह वीजा आमतौर पर एक लॉटरी सिस्टम के तहत जारी किया जाता है, जो युवाओं के लिए बिना किसी अड़चन के विदेश जाने का रास्ता खोलता है।
एजेंट के झांसे में न आएं, खुद करें ऑनलाइन अप्लाई
इस वीजा प्रक्रिया को पूरी तरह से पारदर्शी और डिजिटल रखा गया है, इसलिए ऑफलाइन आवेदन की कोई व्यवस्था नहीं है। इच्छुक युवा घर बैठे ऑस्ट्रेलिया के इमिग्रेशन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट (immi.homeaffairs.gov.au) पर जाकर फॉर्म भर सकते हैं। इसके लिए किसी भी एजेंट को भारी भरकम रकम देने की बिल्कुल जरूरत नहीं है और फर्जी दस्तावेजों से बचना चाहिए। अक्सर स्पॉन्सरशिप वाले वीजा के लिए डेढ़ से ढाई लाख और पीआर वीजा के लिए साढ़े तीन से साढ़े चार लाख रुपए तक का भारी खर्च आता है, लेकिन इस लॉटरी वीजा के लिए आप मात्र 1500 रुपए में खुद ही आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
लॉटरी में नाम आने पर देना होगा फंड का प्रमाण
ऑनलाइन आवेदन करने के बाद यदि लॉटरी सिस्टम में आपका चयन हो जाता है, तो आपको ऑस्ट्रेलियाई इमिग्रेशन विभाग की तरफ से एक आधिकारिक ईमेल भेजा जाएगा। इस ईमेल के आने के बाद ही आगे की असली वीजा प्रक्रिया शुरू होगी। चयन होने के बाद वाले इस चरण में आवेदकों को अपने बैंक खाते में लगभग 4 लाख रुपये का फंड दिखाना अनिवार्य होगा। हालांकि, युवाओं के लिए राहत की बात यह है कि इस फंड का इंतजाम करने के लिए विभाग द्वारा आपको पर्याप्त समय दिया जाता है।

A chance to live and work in Australia for a full year for just 1,500—here is how to apply without an agent.




