जालंधर: जालंधर से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक मां की बहादुरी और सूझबूझ से एक मासूम बच्ची किडनैप होने से बाल-बाल बच गई। नशे में धुत्त एक मजदूर ने सरेआम बच्ची के मुंह पर कपड़ा डालकर उसे उठाने की कोशिश की, लेकिन मां ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को ऐसा सबक सिखाया कि वह चारों खाने चित्त हो गया। मौके पर इकट्ठा हुए लोगों ने आरोपी को दबोचकर लांबड़ा थाना पुलिस के हवाले कर दिया है।
ऑटो के इंतजार में खड़ी थी महिला, तभी पीछे से आया किडनैपर
यह घटना लांबड़ा थाने के अंतर्गत आने वाले नाला पुल के पास की है। पीड़ित महिला निहाल अपने मायके आई हुई थी और अपनी छोटी बच्ची की दवाई लेने के लिए सिविल अस्पताल जाने की तैयारी कर रही थी। जब वह सड़क पर ऑटो का इंतजार कर रही थी, तभी एक मजदूर काफी देर से उसका पीछा कर रहा था। महिला ने बताया कि जैसे ही वह ऑटो में बैठने के लिए मुड़ी, उस शातिर व्यक्ति ने पीछे से आकर बच्ची के मुंह पर कपड़ा डाल दिया ताकि वह चिल्ला न सके। लेकिन महिला ने तुरंत मुड़कर आरोपी को एक जोरदार थप्पड़ जड़ दिया। आरोपी नशे में इस कदर धुत्त था कि वह एक ही थप्पड़ में जमीन पर गिर पड़ा।
बचने के लिए बनाया टॉफी देने का बहाना, भीड़ ने बांधे हाथ-पैर
पकड़े जाने के बाद आरोपी ने लोगों को गुमराह करने की कोशिश की। उसने बहाना बनाया कि वह बच्ची को किडनैप नहीं कर रहा था, बल्कि उसे टॉफियां देने की कोशिश कर रहा था। हालांकि, महिला और वहां मौजूद आसपास के लोग उसकी इस घिनौनी नीयत को अच्छी तरह समझ चुके थे। जब आरोपी ने मौके से भागने की कोशिश की, तो आक्रोशित स्थानीय लोगों ने उसके हाथ-पैर बांधकर उसे वहीं दबोच लिया और पुलिस का इंतजार करने लगे।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, सवा घंटे बाद पहुंची पीसीआर
इस पूरी घटना के बाद स्थानीय निवासियों और पीड़ित महिला ने पुलिस प्रशासन के रवैये पर भारी रोष व्यक्त किया। महिला का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने तुरंत पुलिस सहायता के लिए 100 और 112 नंबर पर फोन किया था, लेकिन पुलिस को मौके पर पहुंचने में करीब सवा घंटा लग गया। पीड़ित परिवार ने यह भी सनसनीखेज आरोप लगाया है कि पकड़े जाने के बाद आरोपी सरेआम धमकियां दे रहा था कि जेल जाने के बाद वह एक फोन करेगा और तुरंत बाहर आ जाएगा। महिला ने पंजाब पुलिस की कार्यप्रणाली पर दुख जताते हुए कहा कि पुलिस आरोपी को गाड़ी में डालकर ले गई, लेकिन उनसे लिखित शिकायत या बयान तक नहीं लिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच की बात कह रही है।

Drug Addict Attempts to Kidnap 3-Year-Old Girl in Jalandhar; Mother Saves Her Life Through Quick Thinking




