You are currently viewing भारत की जेल से कनाडा पुलिस को लॉरेंस गैंग की सीधी चुनौती, लेटर भेजकर दी 1000 शूटरों की धमकी, सहमा भारतीय समुदाय

भारत की जेल से कनाडा पुलिस को लॉरेंस गैंग की सीधी चुनौती, लेटर भेजकर दी 1000 शूटरों की धमकी, सहमा भारतीय समुदाय

ओटावा: कनाडा में लगातार बढ़ रही जबरन वसूली, गोलीबारी और हिंसक वारदातों के बीच लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सिंडिकेट ने ब्रिटिश कोलंबिया की पुलिस को सीधे चुनौती दी है। गैंग की ओर से पुलिस को एक बेहद सनसनीखेज पत्र भेजा गया है, जिसमें दावा किया गया है कि कनाडा की धरती पर उनके 1000 से अधिक कनाडाई ‘फुट सोल्जर्स’ यानी ग्राउंड शूटर हर वक्त पूरी तरह से तैयार बैठे हैं। इस पत्र के सार्वजनिक होने के बाद कनाडा के सुरक्षा महकमे में हड़कंप मच गया है। वहीं, वहां रह रहे दक्षिण एशियाई समुदाय, खासकर भारतीय और पंजाबी मूल के व्यापारियों व कारोबारियों में भारी दहशत का माहौल है।

डिपोर्टेशन सुनवाई के दौरान हुआ चौंकाने वाला खुलासा

लॉरेंस गैंग के इस खौफनाक पत्र का सनसनीखेज खुलासा गुरुवार को कनाडा में चल रही एक डिपोर्टेशन (देशनिकाला) सुनवाई के दौरान हुआ। कनाडाई मीडिया से सामने आई रिपोर्टों के मुताबिक, जबरन वसूली मामलों के एक मुख्य जांचकर्ता और एडमॉन्टन पुलिस सेवा के जासूस ने इमिग्रेशन एंड रिफ्यूजी बोर्ड के समक्ष बेहद चौंकाने वाली गवाही दी। जासूस ने आधिकारिक तौर पर इस बात की पुष्टि की है कि ब्रिटिश कोलंबिया (B.C.) के एबॉट्सफोर्ड पुलिस स्टेशन में पिछले साल 13 अगस्त, 2025 को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से यह धमकी भरा पत्र पहुंचाया गया था।

भारत की जेल से ऑपरेट हो रहा है कनाडा का सबसे खतरनाक सिंडिकेट

एबॉट्सफोर्ड पुलिस को मिले इस पत्र ने कनाडा में पैर पसार चुके संगठित अपराध के उस बेहद गहरे और खतरनाक जाल को पूरी तरह बेनकाब कर दिया है, जिसे भारत की जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई सात समंदर पार से संचालित कर रहा है। पत्र में कनाडाई मूल के ही अपराधियों को अपने साथ मिलाने और बड़ी तादाद में शूटर्स का नेटवर्क खड़ा करने का दावा किया गया है। इस सीधे चैलेंज के बाद कनाडा की सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस हाई अलर्ट पर हैं। पुलिस अब इस पत्र के हर एक तकनीकी पहलू, लिखावट और इसे पुलिस स्टेशन तक पहुंचाने वाले असली स्रोतों की सघन जांच में जुट गई है।

Direct Challenge to Canadian Police from an Indian Jail: Lawrence Gang Threatens