चंडीगढ़: पंजाब में 8 नगर निगमों, 75 नगर कौंसिलों और 20 नगर पंचायतों के चुनावों के लिए सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती लगातार जारी है। शुरुआती काउंटिंग के बीच समाना नगर काउंसिल से एक बड़ी खबर आई, जहां तकनीकी या प्रशासनिक कारणों से तय समय से लगभग 35 मिनट देरी से मतगणना शुरू हो सकी। हालांकि, इसके बाद पूरी प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है।
सत्ताधारी AAP की बड़ी बढ़त, निर्दलीयों ने चौंकाया
अब तक सामने आए रुझानों और नतीजों में आम आदमी पार्टी (AAP) सबसे आगे चल रही है। पार्टी अब तक 89 सीटें जीत चुकी है, जबकि 78 सीटों पर उसके उम्मीदवार लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। इस चुनाव में सबसे बड़ा उलटफेर आजाद (निर्दलीय) उम्मीदवारों ने किया है, जो दूसरे नंबर पर चल रहे हैं। निर्दलीय प्रत्याशियों ने 23 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है और 33 सीटों पर आगे चल रहे हैं।
शिरोमणि अकाली दल के खाते में अब तक 25 सीटें आई हैं और उसके 23 उम्मीदवार आगे हैं। वहीं, कांग्रेस को तगड़ा झटका लगता दिख रहा है; पार्टी अब तक सिर्फ 16 सीटें जीत सकी है और 25 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। बीजेपी के खाते में फिलहाल दो सीटें आई हैं और उसके 11 उम्मीदवार आगे चल रहे हैं, जबकि बसपा भी एक सीट पर अपनी बढ़त बनाए हुए है।
थ्री-लेयर सिक्योरिटी में कैद काउंटिंग सेंटर
नतीजों को लेकर किसी भी तरह की गड़बड़ी या हुड़दंग को रोकने के लिए राज्यभर में बनाए गए 115 काउंटिंग सेंटरों पर सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभी मतगणना केंद्रों के 100 मीटर के दायरे को पूरी तरह सील कर दिया गया है, ताकि कोई भी अनधिकृत व्यक्ति अंदर न जा सके।
केंद्रों के भीतर सिर्फ उन्हीं उम्मीदवारों और काउंटिंग एजेंटों को एंट्री दी गई है जिनके पास वैध पास हैं। इसके अलावा, स्ट्रॉन्ग रूम से लेकर काउंटिंग हॉल तक की हर हलचल पर सीसीटीवी कैमरों से पैनी नजर रखी जा रही है। सुरक्षा की कमान संबंधित जिलों के एसएसपी खुद संभाल रहे हैं और पूरे इलाके को तीन स्तरीय सुरक्षा घेरे में तब्दील कर दिया गया है।
दोपहर तक साफ हो जाएगी पूरी तस्वीर
राज्य चुनाव आयोग के नियमों के मुताबिक, वोटों की गिनती राउंडवार की जा रही है, जिसमें एक राउंड में एक पूरे वार्ड के वोटों की गिनती मुकम्मल हो रही है। रफ्तार को बढ़ाने के लिए हर काउंटिंग सेंटर पर 10 से 14 टेबल लगाई गई हैं। राज्य चुनाव आयुक्त राज कमल चौधरी ने आधिकारिक तौर पर उम्मीद जताई है कि दोपहर 12 बजे तक नगर निगमों, नगर कौंसिलों और नगर पंचायतों के अधिकांश सीटों के अंतिम नतीजे पूरी तरह साफ हो जाएंगे।





