हैलिफैक्स: कनाडा के नोवा स्कोटिया प्रांत से एक बेहद चौंकाने वाला और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पंजाबी दंपती को अपने ही नवजात बच्चे के शव को जंगल में फेंकने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इस खौफनाक वारदात का खुलासा तब हुआ जब एक महिला बच्चे को जन्म देने के बाद बेहद गंभीर हालत में अस्पताल पहुंची, लेकिन उसके साथ बच्चा नहीं था। डॉक्टरों की सूझबूझ और पुलिस की तत्परता से जब सच सामने आया, तो हर कोई सन्न रह गया।
अस्पताल में डॉक्टरों के उड़े होश, तुरंत बुलाई पुलिस
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 9:40 बजे एक 23 वर्षीय महिला हैलिफैक्स इलाके के एक अस्पताल में बेहद नाजुक स्थिति में लाई गई थी। डॉक्टरों ने जब उसका मेडिकल चेकअप किया, तो पता चला कि उसने कुछ ही समय पहले एक बच्चे को जन्म दिया है। हालांकि, महिला के साथ कोई बच्चा मौजूद नहीं था और वह इस बारे में कुछ भी बताने को तैयार नहीं थी कि उसका नवजात शिशु कहां है। शक होने पर डॉक्टरों ने बिना कोई देरी किए तुरंत पुलिस को इस मामले की जानकारी दी।
जंगल में सर्च अभियान के दौरान मिला नवजात का शव
अस्पताल से सूचना मिलते ही कनाडाई पुलिस हरकत में आ गई और महिला के घर के आसपास के इलाकों के साथ-साथ जंगली क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर सर्च अभियान शुरू कर दिया। इस सघन अभियान में पुलिस के साथ वॉलंटियर टीमें भी शामिल थीं। रविवार दोपहर करीब 3:20 बजे हैलिफैक्स के बाहर ओल्ड कोच रोड के पास एक सुनसान जंगली इलाके में पुलिस को नवजात शिशु का शव बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर नवजात की मां रमनदीप कौर (26) और उसके पति सुखप्रीत सिंह (23) को हिरासत में ले लिया। जानकारी के मुताबिक, ये दोनों हैलिफैक्स के वेस्ट एंड स्थित विलेट स्ट्रीट इलाके के रहने वाले हैं।
पुलिस को गुमराह करने का केस दर्ज, जिंदगी और मौत से जूझ रही मां
पुलिस ने इस भारतीय मूल के पंजाबी दंपती के खिलाफ शव को छिपाने, पुलिस की जांच में बाधा डालने और मृत शरीर का अनादर करने के गंभीर आरोप में मामला दर्ज किया है। फिलहाल बच्चे की मां रमनदीप कौर की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और वह अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है। पुलिस का स्पष्ट कहना है कि महिला की यह हालत किसी मारपीट या हिंसा से नहीं, बल्कि प्रसव के दौरान आई मेडिकल इमरजेंसी की वजह से बिगड़ी है। अब पुलिस को नोवा स्कोटिया मेडिकल एक्जामिनर सर्विस की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे यह साफ हो सकेगा कि बच्चा जीवित पैदा हुआ था या मृत और उसकी मौत की असली वजह क्या थी।

Canada: Punjabi Woman Arrives at Hospital in Critical Condition Post-Delivery, Baby Missing








