खन्ना: खन्ना नगर कौंसिल चुनाव के दौरान मतदान का आगाज ही भारी हंगामे के साथ हुआ है। वार्ड नंबर 15 में सुबह वोटिंग शुरू होते ही कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) के समर्थक आमने-सामने आ गए। पोलिंग बूथ के ठीक बाहर दोनों गुटों में तीखी बहस और गाली-गलौज शुरू हो गई, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालात बिगड़ते देख तुरंत पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा।
दिग्गज नेताओं के रिश्तेदारों में है सीधा मुकाबला
जानकारी के मुताबिक, इस वार्ड में चुनाव बेहद हाई-प्रोफाइल है और दोनों पार्टियों की साख दांव पर लगी है। यहां से कांग्रेस ने स्थानीय नेता गिन्नी विजन की पत्नी रीना विजन को चुनावी मैदान में उतारा है, जबकि उनके खिलाफ आम आदमी पार्टी की ओर से वरिष्ठ नेता शामलाल मल्होत्रा की पुत्रवधू मंजू मल्होत्रा चुनाव लड़ रही हैं। बताया जा रहा है कि मतदान शुरू होने के कुछ ही देर बाद बूथ के बाहर कांग्रेस नेता गिन्नी विजन और ‘आप’ नेता शामलाल मल्होत्रा के बेटे राजीव मल्होत्रा के बीच किसी बात को लेकर अचानक कहासुनी हो गई, जिसने जल्द ही एक बड़े विवाद का रूप ले लिया।
पुलिस की सख्त चेतावनी के बाद सुचारू रूप से शुरू हुई वोटिंग
दोनों नेताओं के बीच शुरू हुई ये बहस देखते ही देखते उनके समर्थकों के बीच तीखे तनाव में बदल गई और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जमकर भड़ास निकाली। हालांकि, तनाव की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बिना किसी देरी के हस्तक्षेप किया और हालात पर तुरंत काबू पा लिया। पुलिस ने दोनों गुटों को अलग करते हुए सख्त हिदायत दी कि अगर मतदान प्रक्रिया में किसी भी तरह की बाधा डालने की कोशिश की गई तो कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के मुताबिक, पुलिस की सख्ती के बाद माहौल पूरी तरह से शांत हो गया है और अब मतदान बिना किसी रुकावट के सुचारू रूप से जारी है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए संवेदनशील बूथों पर सुरक्षा बल मुस्तैद हैं।

major-uproar-in-khanna-civic-elections-congress-and-aap-supporters-clash-as-voting-begins








