चंडीगढ़: चंडीगढ़ के सेक्टर-37 और सेक्टर-41 की डिवाइडिंग रोड पर एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मामूली सड़क हादसे के बाद एक युवक अपना आपा इस कदर खो बैठा कि उसने गुस्से में आकर बीच सड़क अपनी ही मोटरसाइकिल को आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते बाइक धू-धू कर जलने लगी और पूरी तरह से राख हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
कार से टकराने पर शुरू हुआ था विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, पंजाब के रोपड़ का रहने वाला जसविंदर सिंह चंडीगढ़ में मिस्त्री का काम करता है। वह अपनी बाइक पर सवार होकर सेक्टर-37 और 41 को बांटने वाली सड़क से गुजर रहा था। इसी दौरान उसकी मोटरसाइकिल आगे चल रही एक कार से पीछे से जा टकराई। इस मामूली सी टक्कर के बाद कार सवार और जसविंदर के बीच बीच सड़क पर ही तीखी बहस और तकरार शुरू हो गई।
गुस्से में पेट्रोल की टंकी खोल लगाई माचिस
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बहस के दौरान जसविंदर अचानक बेहद गुस्से में आ गया। उसने आव देखा न ताव, सीधे अपनी बाइक की पेट्रोल टंकी का ढक्कन खोला और जेब से माचिस निकालकर अपनी ही गाड़ी को आग लगा दी। आग लगते ही मोटरसाइकिल से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं, जिसे देखकर वहां मौजूद राहगीर भी सन्न रह गए। लोगों ने बिना देरी किए तुरंत इस घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम और फायर ब्रिगेड को दी।
जलकर राख हुई बाइक, आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
सूचना मिलने के बाद जब तक दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, तब तक बाइक पूरी तरह से जलकर खाक हो चुकी थी। इसके बाद सेक्टर-39 थाने की पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और बीच सड़क हंगामा कर अपनी गाड़ी जलाने वाले आरोपी युवक जसविंदर को काबू कर लिया। सेक्टर-39 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे आज अदालत में पेश किया जाएगा।

After a minor collision with a car, a young man flew into such a rage that he set his own bike








