जालंधर: भारतीय एथलेटिक्स के इतिहास में एक नया सुनहरा अध्याय जुड़ गया है। पंजाब के जालंधर जिले के रहने वाले युवा और होनहार धावक गुरिंदरवीर सिंह ने रांची में आयोजित फेडरेशन कप में अपने पैरों की ऐसी रफ्तार दिखाई है कि पूरा देश हैरान रह गया है। गुरिंदरवीर ने 100 मीटर की फर्राटा दौड़ में एक ऐसा ऐतिहासिक नेशनल रिकॉर्ड कायम कर दिया है, जिसे आज तक कोई भी भारतीय एथलीट नहीं छू सका था। उनकी इस असाधारण उपलब्धि ने पंजाब के साथ-साथ पूरे देश का सिर फख्र से ऊंचा कर दिया है।
10.10 सेकंड का तिलिस्म तोड़ने वाले पहले भारतीय एथलीट
ट्रैक पर चीते की फुर्ती से दौड़ने वाले गुरिंदरवीर सिंह ने रांची के फेडरेशन कप में 100 मीटर की दौड़ महज 10.09 सेकेंड में पूरी करके इतिहास रच दिया। इस अकल्पनीय समय के साथ ही उन्होंने एक नया और अभूतपूर्व नेशनल रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। सबसे खास बात यह है कि भारतीय एथलेटिक्स के इतिहास में गुरिंदरवीर पहले ऐसे एथलीट बन गए हैं, जिन्होंने 100 मीटर की रेस 10.10 सेकंड से भी कम समय में पूरी की है। जालंधर जिले के छोटे से गांव पटियाल से निकलकर इस मुकाम तक पहुंचने वाले गुरिंदरवीर की यह कामयाबी देश के लाखों युवाओं के लिए एक बड़ी मिसाल बन गई है।
गदगद हुए सीएम भगवंत मान, दी खास बधाई
युवा एथलीट की इस ऐतिहासिक और गौरवान्वित करने वाली कामयाबी पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी खुशी से गदगद हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर गुरिंदरवीर को इस शानदार जीत की विशेष बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने अपने बधाई संदेश में लिखा कि पंजाब के इस ‘गबरू’ ने महज 2 दिनों के भीतर अपना दूसरा नेशनल रिकॉर्ड तोड़कर पूरे देश और दुनिया में पंजाब का नाम रोशन किया है। सीएम ने कहा कि गुरिंदरवीर की इस बेमिसाल उपलब्धि पर आज पूरे पंजाब को गर्व है। इसके साथ ही उन्होंने इस होनहार खिलाड़ी को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं भी दीं।





