बटाला: पत्नी की बेवफाई और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर एक फौजी द्वारा खौफनाक कदम उठाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पंजाब के बटाला स्थित गांव छित्त के रहने वाले भारतीय सेना के जवान कंवलजीत सिंह ने फेसबुक पर लाइव आकर जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। कंवलजीत करीब तीन साल पहले ही फौज में भर्ती हुआ था। वह वर्तमान में 17 सिख रेजीमेंट जयपुर में तैनात था और इन दिनों अस्थायी ड्यूटी पर मध्य प्रदेश के जबलपुर गया हुआ था। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
चलती गाड़ी में फेसबुक लाइव कर बयां किया दर्द
शुक्रवार को गाड़ी में सफर करते समय कंवलजीत सिंह ने फेसबुक पर लाइव वीडियो शुरू किया। इस वीडियो में उसने अपनी पत्नी पर प्रताड़ना और धोखा देने के गंभीर आरोप लगाए। अपना दर्द बयां करने के बाद उसने लाइव वीडियो में ही कोई जहरीली चीज खा ली। जहर फैलने के बाद कंवलजीत जिंदगी की जंग हार गया। जवान बेटे की मौत की खबर जैसे ही उसके पैतृक गांव पहुंची, पूरे इलाके में मातम पसर गया।
फरवरी 2026 में हुई थी शादी, मां ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक की मां सुरजीत कौर ने बताया कि उनके इकलौते बेटे कंवलजीत की शादी इसी साल फरवरी में सरबजीत कौर के साथ बड़ी धूमधाम से हुई थी। आरोप है कि शादी के महज दो महीने बाद ही सरबजीत रात करीब तीन बजे अपने प्रेमी के साथ घर से फरार हो गई थी। कंवलजीत ने थाना सदर में इसकी शिकायत भी दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। शुक्रवार सुबह जब कंवलजीत की यूनिट से फोन आया, तब परिवार को इस मनहूस खबर का पता चला। अब बेबस मां ने पुलिस प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाई है कि उसकी बहू सरबजीत कौर पर केस दर्ज कर उसे सख्त सजा दी जाए।
ससुराल वालों ने भी कर दिया था अनसुना
मृतक जवान की बहन संदीप कौर ने आरोप लगाया है कि उसका भाई अपनी पत्नी और ससुराल वालों के रवैये से बुरी तरह टूट चुका था। कंवलजीत ने कई बार अपने ससुर को फोन कर बताया था कि सरबजीत के किसी गैर मर्द के साथ नाजायज संबंध हैं, लेकिन पिता ने अपनी बेटी को समझाने के बजाय दामाद की बातों को ही अनसुना कर दिया। दूसरी ओर, थाना सदर की शेखुपुर चौकी के एएसआई रमेश कुमार ने बताया कि फौजी की पिछली शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। चूंकि आत्महत्या का यह मामला जबलपुर के अधिकार क्षेत्र में आता है, इसलिए आगे की पूरी कानूनी कार्रवाई जबलपुर पुलिस द्वारा ही की जाएगी।

Just two months after the wedding, a wife eloped with her lover; shattered by the betrayal




