जालंधर: थाना लांबड़ा क्षेत्र के अंतर्गत आते सागर एन्क्लेव में एक ऐसा दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए। यहां एक सनकी पति ने मामूली घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी की इतनी बेरहमी से हत्या कर दी कि देखने वालों के पसीने छूट गए। आरोपी पति ने रसोई में इस्तेमाल होने वाले लोहे के तवे से पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ इतने वार किए कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई और उसकी आंखें तक बाहर आ गईं।
खून से सने हाथों से थाने पहुंचकर बोला- मुझे गिरफ्तार कर लो
इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद 55 वर्षीय आरोपी संतोष विश्वकर्मा खुद लांबड़ा थाने पहुंच गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उसने ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों के सामने बेखौफ होकर कहा, “मैं अपनी जनानी का मर्डर करके आया हूं, मुझे अरेस्ट कर लो।” यह सुनकर पुलिसकर्मी भी सन्न रह गए। इसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घर से 48 वर्षीय मृतका सीता देवी का खून से लथपथ शव बरामद किया। बताया जा रहा है कि घटना के समय मृतका के बेटे फैक्टरी में काम करने गए हुए थे। जब वे वापस लौटे तो मां का क्षत-विक्षत शव देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
नेपाल में भी मर्डर कर भागने का अंदेशा, मकान मालिक से पूछताछ शुरू
पुलिस की शुरुआती जांच और स्थानीय लोगों की चर्चाओं से यह चौंकाने वाली बात भी सामने आई है कि मूल रूप से नेपाल का रहने वाला आरोपी संतोष विश्वकर्मा वहां भी किसी हत्या के मामले में शामिल रहा है और वहां से भागकर पंजाब में छिपा था। पुलिस इस एंगल की आधिकारिक पुष्टि के लिए गहराई से जांच कर रही है। वहीं, इलाके के लोगों में इस बात को लेकर भारी रोष है कि मकान मालिक ने बिना पुलिस वेरिफिकेशन के इस परिवार को कमरा किराए पर दिया था। पुलिस अब मकान मालिक से भी पूछताछ कर रही है। फिलहाल, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है और आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है।

Wife Beaten to Death with a Griddle in Jalandhar—Her Eyes Were Even Forced Out of Their Sockets




