You are currently viewing Gym जाने निकले दोस्तों की तेज रफ्तार Thar के उड़े परखच्चे, कॉलेज छात्र की दर्दनाक मौत- 4 घायल; एक का सिर फटा

Gym जाने निकले दोस्तों की तेज रफ्तार Thar के उड़े परखच्चे, कॉलेज छात्र की दर्दनाक मौत- 4 घायल; एक का सिर फटा

लुधियाना: शहर में आज सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसने पल भर में एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। जिम जाने के लिए घर से निकले पांच दोस्तों की तेज रफ्तार थार गाड़ी अचानक बेकाबू होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और उसे चला रहे एक कॉलेज छात्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, कार में सवार उसके चार अन्य दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए नजदीकी प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अंडे खाकर लौटते वक्त बीआरएस नगर में हुआ खौफनाक हादसा

पुलिस अधिकारी दविंदर सिंह ने इस दर्दनाक घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम को सुबह करीब 7 बजे इस हादसे की सूचना मिली थी। शुरुआती पूछताछ में यह बात सामने आई है कि गाड़ी में सवार सभी पांचों युवक आपस में गहरे दोस्त थे और अक्सर एक साथ जिम में वर्कआउट करने जाते थे। आज सुबह भी वे सभी घर से निकले थे, लेकिन जिम जाने से पहले एक दोस्त के कहने पर वे रास्ते में अंडे खाने के लिए रुक गए। अंडे खाने के बाद जब वे अपनी थार गाड़ी से वापस घर की तरफ लौट रहे थे, तभी बीआरएस नगर जोन डी कट के पास गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई। रफ्तार तेज होने के कारण थार सीधे डिवाइडर पर चढ़ गई और उसके कोने से बुरी तरह जा टकराई।

ड्राइविंग कर रहे आर्यन की गई जान, एक दोस्त का फटा सिर

हादसा इतना जोरदार था कि थार का आगे का हिस्सा पूरी तरह तबाह हो गया। पुलिस के मुताबिक, घटना के वक्त आर्यन वीर सिंह नाम का युवक गाड़ी ड्राइव कर रहा था, जिसकी इस खौफनाक टक्कर में मौके पर ही जान चली गई। हादसे के बाद राहगीरों और पुलिस की मदद से घायल चारों दोस्तों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारी देविंदर सिंह ने अस्पताल से मिली जानकारी के हवाले से बताया कि एक युवक के सिर पर गहरी चोट आई है और उसका सिर फट गया है। वहीं, एक अन्य युवक की बाजू पर चोटें लगी हैं, जबकि बाकी दो युवकों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने मृतक आर्यन के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Friends Heading to the Gym: High-Speed ​​Thar Wrecked Beyond Recognition