होशियारपुर: होशियारपुर में शुक्रवार शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जहां खेलते समय एक 4 वर्षीय मासूम बच्चा करीब 300 फीट गहरे बोरवेल में जा गिरा। शाम 4 बजे घटी इस घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि, प्रशासन और राहत बचाव दलों की करीब 9 घंटे की कड़ी जद्दोजहद के बाद इस मासूम को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बोरवेल की उस अंधेरी गहराई से बाहर निकलते ही सहमा हुआ बच्चा अपनी मां के गले लगकर रो पड़ा, तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें भर आईं।
30 फीट की गहराई पर फंसी थी मासूम की जान
हादसे के वक्त बच्चा खेलते हुए अचानक बोरवेल में गिर गया था और वह करीब 30 फीट की गहराई पर जाकर फंस गया था। घटना की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ (NDRF), एसडीआरएफ (SDRF), पंजाब पुलिस और प्रशासनिक अमला फौरन मौके पर पहुंचा और स्थानीय लोगों के सहयोग से जिंदगी बचाने का महा-अभियान शुरू किया गया। लगातार चले इस रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 12:40 बजे बच्चे को मौत के मुंह से सही-सलामत बाहर निकाल लिया गया।
अस्पताल में चल रहा इलाज, खतरे से बाहर है बच्चा
इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की कमान शुरुआत से ही डिप्टी कमिश्नर (DC) आशिका जैन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) संदीप कुमार मलिक ने खुद संभाली हुई थी। बच्चे के सुरक्षित बाहर आने के बाद डीसी आशिका जैन ने बताया कि उसे तुरंत एंबुलेंस के जरिए डॉक्टरों की विशेष टीम की निगरानी में अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल अस्पताल में उसकी गहन मेडिकल जांच और इलाज चल रहा है, और डॉक्टरों ने उसकी हालत को पूरी तरह से खतरे से बाहर बताया है। प्रशासन और स्थानीय लोगों की मुस्तैदी से एक बड़ा हादसा टल गया और एक घर का चिराग बुझने से बच गया।

A Victory for Life: In Punjab, an Innocent 4-Year-Old Who Fell into a 300-Foot-Deep Borewell








