फिरोजपुर: नशे के काले कारोबार और हेरोइन तस्करी के लालच ने दो युवकों की जान ले ली। पंजाब के फिरोजपुर में सतलुज दरिया के रास्ते पाकिस्तान जा रहे दो युवक बीच धारा में डूब गए। बताया जा रहा है कि दोनों रात के अंधेरे में हेरोइन की तस्करी के लिए सीमा पार करने निकले थे, लेकिन पानी की गहराई में फंसकर उनकी दर्दनाक मौत हो गई। इस खौफनाक घटना के दो दिन बाद अब उनके शव दरिया किनारे लगी फेंसिंग के पास से बरामद किए गए हैं, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
नशे की लत का फायदा उठाकर मौत के मुंह में धकेला
पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि सीमावर्ती गांव हबीब वाला के रहने वाले गंगा सिंह नाम के एक शख्स ने गांव के ही मुख्तियार सिंह (20) और मनप्रीत सिंह (35) को हेरोइन लाने के लिए पाकिस्तान भेजने का झांसा दिया था। दोनों ही मृतक युवक नशे के आदी थे। आरोपी ने उनकी इसी लत का फायदा उठाया और उन्हें इस खतरनाक रास्ते पर जाने के लिए तैयार कर लिया। जिस जगह से दोनों को दरिया में उतारा गया, वहां पानी बेहद गहरा था और बीच धारा में पहुंचते ही वे लहरों में समा गए। पुलिस ने आरोपी गंगा सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, जो वारदात के बाद से ही पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
तस्करी के लिए इस्तेमाल होता है दरिया का यह जानलेवा रूट
जिन दो युवकों के शव फेंसिंग के पास से बरामद हुए हैं, वहां से पाकिस्तान की सरहद बेहद करीब है। इसी इलाके से सतलुज दरिया पाकिस्तान की तरफ से वापस भारत में प्रवेश करता है। यहां मौजूद टापू कालू वाला तीन तरफ से दरिया से घिरा है, जबकि इसका समतल रास्ता सीधा पाकिस्तान से जुड़ता है। जानकारों का कहना है कि हरिके हेड से लेकर फाजिल्का तक सतलुज दरिया कई जगहों पर पाकिस्तान में दाखिल होकर फिर भारत लौटता है। यही कारण है कि बंडाला, टेंडी वाला, हुसैनीवाला हेड, राजाराय और गजनी वाला जैसे इलाकों से होकर जाने वाले इस पानी के रास्ते को तस्कर सबसे सुरक्षित लेकिन बेहद जानलेवा मानते हैं।

Two Youths Attempting to Smuggle Heroin from Pakistan Drown in Swollen Sutlej








