जालंधर: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब बीजेपी के प्रधान सुनील जाखड़ को लेकर चौंकाने वाली खबर सामने आई है। प्रदेश के इन दोनों बड़े नेताओं को बम से उड़ाने की जानलेवा धमकी मिली है। यह सनसनीखेज धमकी एक अज्ञात ईमेल के जरिए भेजी गई है, जिसके सामने आते ही पूरे राज्य का प्रशासन, पुलिस और खुफिया सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हाई अलर्ट मोड पर आ गई हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए नेताओं की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है।
समय तय कर दी गई ‘बेअंत सिंह’ की तरह उड़ाने की धमकी
पंजाब सरकार और प्रशासन को भेजे गए इस धमकी भरे ईमेल में बकायदा धमाकों का समय और जगह भी स्पष्ट रूप से बताई गई है। ईमेल में दावा किया गया है कि पंजाब के सीएम ऑफिस में दोपहर ठीक 1 बजकर 11 मिनट पर एक बड़ा धमाका किया जाएगा। इस हमले को लेकर चेतावनी दी गई है कि इसे पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या की तर्ज पर ही अंजाम दिया जाएगा। इतना ही नहीं, साजिशकर्ताओं ने ईमेल में यह भी लिखा है कि पंजाब और देश की राजधानी दिल्ली स्थित बीजेपी के दफ्तरों में भी रात 9 बजकर 11 मिनट पर बम धमाके किए जाएंगे।

नेताओं को बताया सिखों का दुश्मन, ‘खालिस्तान’ बनाने का किया जिक्र
सुरक्षा एजेंसियों के होश उड़ा देने वाले इस ईमेल में मुख्यमंत्री भगवंत मान और बीजेपी नेता सुनील जाखड़ को सिखों का दुश्मन करार दिया गया है। धमकी देने वालों ने बेहद सख्त लहजे में लिखा है कि वे इन दोनों नेताओं को ‘ठोकेंगे’ और पंजाब को अब पूरी तरह से ‘खालिस्तान’ बनाएंगे। देश विरोधी और अलगाववादी बातों से भरे इस ईमेल के मिलने के बाद से चंडीगढ़ से लेकर दिल्ली तक हड़कंप मचा हुआ है। मुख्यमंत्री आवास, सचिवालय और दोनों राज्यों में बीजेपी दफ्तरों के बाहर सुरक्षा घेरा बेहद मजबूत कर दिया गया है।
सुनील जाखड़ के लिए 1984 का दिया गया हवाला, 6 जून तक की दी मोहलत
इस धमकी भरे संदेश में विशेष रूप से पंजाब बीजेपी प्रधान सुनील जाखड़ को निशाना बनाते हुए 6 जून तक उन्हें मारने की खौफनाक चेतावनी दी गई है। इसके पीछे एक पुरानी घटना का हवाला देते हुए ईमेल में लिखा गया है कि सुनील जाखड़ के पिता बलराम जाखड़ ने साल 1984 में कहा था कि भारत और हिंदुस्तान की हदबंदी को बचाने के लिए वे ‘एक मिलियन (दस लाख) सिखों को मारेंगे’। इसी कथित बयान की रंजिश को आधार बनाकर अब सुनील जाखड़ की जान को गंभीर खतरा बताया गया है। फिलहाल पुलिस की साइबर सेल और अन्य जांच एजेंसियां इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही हैं कि यह खौफनाक ईमेल आखिर किस आईपी एड्रेस से, कहां से और किसने भेजा है।

Punjab CM Bhagwant Mann and Sunil Jakhar Receive Death Threats; Email Warns








