जालंधर: जालंधर शहर से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है। शहर की मशहूर मकसूदां सब्जी मंडी में दिनदहाड़े गोली चलने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। दो गुटों के बीच एक विवाद को सुलझाने के लिए बुलाई गई मीटिंग अचानक खूनी संघर्ष में बदल गई। इस अंधाधुंध फायरिंग में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता मोनू पुरी को गोलियां लगी हैं और वह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

समझौते की मेज पर बिगड़ी बात, अचानक शुरू हुई फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, मकसूदां सब्जी मंडी में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। इसी विवाद का शांतिपूर्ण तरीके से निपटारा करने के लिए आज दोपहर बाद दोनों पक्षों की एक मीटिंग रखी गई थी। बातचीत के दौरान अचानक माहौल गरमा गया और बहस इतनी बढ़ गई कि एक पक्ष के लोगों ने वहां गोली चला दी। सरेआम गोली चलने की आवाज से पूरी मंडी में भारी अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
BJP नेता के पैरों में लगी गोली, सत्यम अस्पताल में चल रहा इलाज
इस जानलेवा हमले में सुलह करवाने पहुंचे वरिष्ठ भाजपा नेता मोनू पुरी गंभीर रूप से घायल हो गए। फायरिंग के दौरान उनके पैरों में गोली लगी हैं। लहूलुहान हालत में उन्हें तुरंत जालंधर के सत्यम अस्पताल में दाखिल करवाया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। अस्पताल के बेड से मोनू पुरी ने बताया कि वह केवल दोनों पक्षों के बीच राजीनामा करवाने के मकसद से वहां इकट्ठे हुए थे, लेकिन तभी एक पक्ष ने गोलियां बरसा दीं। मोनू पुरी ने इस जानलेवा हमले के पीछे मंडी के ही कुछ लोगों पर सीधा आरोप लगाया है। पता चला है कि इस खूनी संघर्ष में तरुण बठला नाम का एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ है।

हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस, खंगाले जा रहे CCTV
दिनदहाड़े गोलियां चलने की इस दुस्साहसिक वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस की कई टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं और मोर्चा संभाल लिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं और अपनी जांच तेज कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और फायरिंग करने वाले आरोपियों की पहचान के लिए मंडी और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हमलावरों को बेनकाब कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Panic Erupts at Jalandhar’s Maksudan Vegetable Market After Gunfire; BJP Leader Who Arrived to Mediate Sustains Injury








