मोहाली: मोहाली जिले के थाना सदर खरड़ इलाके में इंसानियत को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। नौकरी और सस्ते किराये के फ्लैट की तलाश में मोहाली आई राजस्थान की एक युवती हैवानों का शिकार बन गई। दो युवकों ने मदद का झांसा देकर उसे फ्लैट में ले जाकर बंधक बना लिया और नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर उसके साथ गैंगरेप जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
सस्ते मकान और काम की तलाश में खरड़ पहुंची थी पीड़िता
जानकारी के अनुसार, राजस्थान की रहने वाली पीड़िता पेशे से ब्यूटी पार्लर का काम करती है और घर में उसके पिता काफी बीमार रहते हैं। वह साल 2024 में चंडीगढ़ आई थी, जहां उसकी जान-पहचान मोहाली की ही रहने वाली एक युवती से हुई थी। बीती 4 मई 2026 को पीड़िता अपनी बड़ी बहन के साथ रोजगार की तलाश में मोहाली अपनी दोस्त के पास आई थी। दोस्त ने उसे बताया था कि खरड़ इलाके में किराये के मकान सस्ते हैं और वहां नौकरी भी आसानी से मिल सकती है। इसी सलाह पर 6 मई को दोपहर करीब 2 बजे वह खरड़ में किराये के मकान और नौकरी की तलाश में पहुंची थी।
नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाई, बेहोशी की हालत में किया गैंगरेप
शाम करीब 6 बजे जब पीड़िता सेक्टर 124 में खड़ी थी, तभी बाइक सवार एक युवक उसके पास आया और बातों-बातों में अपना नाम अशोक बताया। काम की तलाश की बात सुनकर अशोक ने उसे नौकरी और फ्लैट दिलाने का झांसा दिया और दोनों ने मोबाइल नंबर भी बदल लिए। इसके बाद अशोक उसे अपनी बाइक पर बैठाकर खरड़ स्थित अमेजन सिटी के अपने फ्लैट में ले गया, जहां उसका दोस्त जय सिंह पहले से ही मौजूद था। पीड़िता का आरोप है कि फ्लैट में उसे पीने के लिए कोल्ड ड्रिंक दी गई, जिसे पीते ही वह बेसुध हो गई। 7 मई की सुबह जब उसे होश आया तो उसके शरीर में भयंकर दर्द था और उसके कपड़े उतारे हुए थे। इसके बाद आरोपियों ने उसे अगली पूरी रात भी फ्लैट में बंधक बनाए रखा और उसकी मर्जी के खिलाफ गैंगरेप किया।
मां की बीमारी का बहाना बनाकर चंगुल से छूटी, पुलिस से की शिकायत
दरिंदों के चंगुल में फंसी युवती ने किसी तरह हिम्मत जुटाई और 8 मई की सुबह करीब 10 बजे अपनी बहन को फोन कर अपने साथ हुई इस दरिंदगी की पूरी कहानी बताई। इसके बाद उसने बड़ी चालाकी से अपनी मां की बीमारी का बहाना बनाया और आरोपियों के चंगुल से वहां से निकलने में कामयाब हो गई। दोपहर करीब 1 बजे वह रैपिडो के जरिए मोहाली स्थित अपनी बहन के पास सुरक्षित पहुंची। इसके तुरंत बाद उसने पुलिस स्टेशन जाकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस खौफनाक मामले में दोनों आरोपियों अशोक और जय सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Lured by the promise of a job, a young woman got onto a motorcycle; after being given a spiked cold drink








