You are currently viewing जालंधर में हैवानियत की हदें पार, लड़की का अपहरण कर कार में किया गैंगरेप; तीन दरिंदे चढ़े पुलिस के हत्थे

जालंधर में हैवानियत की हदें पार, लड़की का अपहरण कर कार में किया गैंगरेप; तीन दरिंदे चढ़े पुलिस के हत्थे

जालंधर: जालंधर से रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहां कुछ दरिंदों ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए एक लड़की का जबरन अपहरण कर लिया और फिर कार के अंदर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। इस सनसनीखेज मामले में थाना 8 की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कार को भी अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

सिविल अस्पताल से पुलिस को मिली थी सूचना

इस रोंगटे खड़े कर देने वाले मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी साहिल चौधरी ने बताया कि पुलिस को 28 अप्रैल को जालंधर के सिविल अस्पताल से इस घटना की पहली सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम तुरंत अस्पताल पहुंची और पीड़िता के बयान दर्ज किए। पीड़िता ने पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि जग्गा नाम के एक व्यक्ति ने अपने 5-6 अन्य साथियों के साथ मिलकर उसे जबरन कार में अगवा कर लिया। इसके बाद कार में मौजूद सभी आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया।

जांच में खुले राज, तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

पीड़िता के बयानों के आधार पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस की जांच के दौरान मुख्य आरोपी जग्गा की असली पहचान गोइंदवाल साहिब के रहने वाले जगजीत सिंह (पुत्र अजीत सिंह) के रूप में हुई। पुलिस ने सबसे पहले जगजीत को गिरफ्तार किया। इसके बाद मामले की कड़ियां जुड़ती गईं और बलदेव नगर के रहने वाले करण मेहरा तथा उपकार नगर (अवतार नगर) के निवासी अर्जुन को भी गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में यह साफ हो गया है कि इन दोनों ने जगजीत के साथ मिलकर ही इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था। इस घटना में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली गई है और पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Barbarism Crosses All Limits in Jalandhar: Girl Abducted and Gang-Raped in a Car