You are currently viewing पंजाब में भयंकर आंधी-तूफान और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी, इन जिलों में 60 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

पंजाब में भयंकर आंधी-तूफान और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी, इन जिलों में 60 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

चंडीगढ़: पंजाब और चंडीगढ़ के मौसम ने अचानक करवट ले ली है और चिलचिलाती गर्मी के बीच लोगों को बड़ी राहत मिली है। सोमवार सुबह से ही प्रदेश के कई इलाकों में तेज हवाओं का दौर जारी है। अगर आप भी आज घर से बाहर निकलने की योजना बना रहे हैं, तो जरा सावधान हो जाएं क्योंकि मौसम विभाग ने मौसम में भारी बदलाव की चेतावनी दी है।

धूल भरी आंधी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ की तरफ से आज (11 मई) के लिए धूल भरी भयंकर आंधी, कड़कड़ाती बिजली और तेज तूफान का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के मुताबिक इस दौरान कई जगहों पर झमाझम बारिश भी हो सकती है। यह राहत भरा मौसम 14 मई तक ऐसे ही बने रहने की संभावना है। हालांकि, पिछले 24 घंटों में तापमान में 0.3 डिग्री की मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन बड़ी राहत यह है कि पारा अभी भी सामान्य से 2.8 डिग्री नीचे बना हुआ है।

फरीदकोट सबसे गर्म, इन जिलों में 60 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

गर्मी के लिहाज से फरीदकोट 42.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे गर्म इलाका दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार माझा, दोआबा और मालवा के कई अहम जिलों में मौसम का सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा। पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली (एसएएस नगर) में गरज-चमक और आकाशीय बिजली के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की पूरी संभावना है।

इन इलाकों में भी आंधी-पानी के आसार

इसके अलावा तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मानसा और संगरूर जैसे जिलों में भी मौसम बिगड़ने के पूरे आसार हैं। इन जगहों पर भी गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि पंजाब के लगभग सभी जिलों में कुछ-कुछ स्थानों पर हल्की से लेकर मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में और गिरावट आने की उम्मीद है।

Orange Alert Issued for Severe Storms and Rain in Punjab; Winds to Blow at Speeds of 60 km/h in These Districts