You are currently viewing जालंधर में तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से महिला की दर्दनाक मौत, चमत्कारिक रूप से बच गई मासूम की जान

जालंधर में तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से महिला की दर्दनाक मौत, चमत्कारिक रूप से बच गई मासूम की जान

जालंधर: जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन के पास एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया है। यहां दकोहा फाटक के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद एक छोटे बच्चे की जान चमत्कारिक रूप से बच गई। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है और आंखों के सामने यह खौफनाक मंजर देखने के बाद मासूम बच्चा बुरी तरह से सहमा हुआ है।

बंद फाटक के बीच से ट्रैक पार करना पड़ा भारी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह दर्दनाक हादसा तब हुआ जब रेलवे फाटक बंद था और दूसरी तरफ से चंडीगढ़-अमृतसर ट्रेन तेज रफ्तार से आ रही थी। ट्रेन बिल्कुल फाटक के करीब पहुंच चुकी थी, लेकिन तभी इस प्रवासी महिला ने बच्चे के साथ ट्रैक पार करने की कोशिश की। चंद सेकंड की इसी जल्दबाजी में महिला सीधे ट्रेन की चपेट में आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। गनीमत यह रही कि इस भयानक हादसे में बच्चे को कोई चोट नहीं आई और उसकी जान बच गई।

एक्सीडेंट या सुसाइड? हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस

हादसे की सूचना मिलते ही जीआरपी और स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को ट्रैक से हटाकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह घटना 10 मई की देर रात करीब 9 बजे की है। रात का समय होने के कारण मृतका की पहचान करने और उसके परिजनों का पता लगाने में काफी परेशानी आ रही है। फिलहाल, पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है कि यह महज एक एक्सीडेंट था या फिर महिला ने जानबूझकर सुसाइड किया है। आसपास के लोगों को अलर्ट कर दिया गया है कि अगर कोई भी व्यक्ति इस महिला या बच्चे के बारे में पूछताछ करता हुआ आता है, तो उसे तुरंत थाने भेजा जाए।

Woman Meets Tragic End After Being Struck by Speeding Train in Jalandhar; Child Miraculously Survives