बठिंडा: बठिंडा जिले के गोनियाना मंडी क्षेत्र के गांव गंगा में वीरवार शाम एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया है। यहां पानी की पाइपलाइन बिछाने के लिए की जा रही खुदाई के दौरान अचानक एक लंबी दीवार गिर गई। हादसे के वक्त दीवार के पास कुछ मासूम बच्चे खेल रहे थे, जो पलक झपकते ही मलबे के नीचे दब गए। इस खौफनाक हादसे में 7 साल के एक मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि एक अन्य बच्चे के मलबे में दबे होने की आशंका के चलते देर रात तक राहत और बचाव कार्य जारी रहा।
खेलते-खेलते अचानक मौत के मुंह में समा गए बच्चे
जानकारी के मुताबिक, गांव गंगा में पानी की पाइपलाइन डालने का काम चल रहा था। इसी दौरान जैसे ही खुदाई करने वाली मशीन या कामगार जग्गा सिंह की करीब 30 से 35 फुट लंबी दीवार के पास पहुंचे, तो अचानक दीवार हिलने लगी। जब तक कोई कुछ समझ पाता, महज कुछ ही सेकेंड में पूरी की पूरी दीवार तेज गड़गड़ाहट के साथ ढह गई। दीवार गिरते ही मौके पर धूल का गुबार छा गया और वहां खेल रहे बच्चे भारी मलबे के नीचे दब गए।
चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण, हाथों से हटाया मलबा
दीवार गिरने की आवाज और मलबे में दबे बच्चों की चीख-पुकार सुनकर पूरे इलाके में हाहाकार मच गया। घटना के तुरंत बाद गांव के लोग अपनी जान की परवाह किए बिना घटनास्थल की तरफ दौड़े और बच्चों को बचाने के लिए खुद ही मलबा हटाने में जुट गए। लोगों ने बिना किसी मशीनरी के इंतजार के अपने हाथों से ही ईंटें और मिट्टी हटाकर बच्चों को बाहर निकालने की भारी मशक्कत शुरू कर दी। काफी जद्दोजहद के बाद एक बच्चे को मलबे से बाहर निकाला गया।
अस्पताल में मृत घोषित हुआ वतनदीप, लापरवाही पर फूटा लोगों का गुस्सा
मलबे से निकाले गए बच्चे की सांसें थम चुकी थीं, लेकिन फिर भी ग्रामीण उसे तुरंत सीएचसी गोनियाना मंडी ले गए, जहां डॉक्टरों ने चेकअप के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 7 वर्षीय वतनदीप सिंह के रूप में हुई है। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल है। दूसरी तरफ, घटना की सूचना मिलते ही थाना नेहियांवाला की पुलिस मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर भारी रोष है। उनका स्पष्ट आरोप है कि पाइपलाइन की खुदाई के दौरान सुरक्षा नियमों की पूरी तरह से अनदेखी की गई है। लोगों ने इस दर्दनाक हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई है।

35-foot-long-wall-collapses-during-pipeline-laying-in-punjab-7-year-old-child-dies-tragically-after-being-buried








