You are currently viewing जालंधर के बाद अब अमृतसर में ब्लास्ट, खासा आर्मी कैंप के बाहर तेज धमाके से दहला इलाका; सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

जालंधर के बाद अब अमृतसर में ब्लास्ट, खासा आर्मी कैंप के बाहर तेज धमाके से दहला इलाका; सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

अमृतसर: पंजाब में बम धमाकों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जालंधर के बाद अब अमृतसर के खासा इलाके में स्थित आर्मी कैंप के बाहर 5 मई की देर रात एक जोरदार धमाका हुआ है। धमाके की आवाज इतनी खौफनाक थी कि आसपास के इलाकों में भारी हड़कंप मच गया और दहशत में आए लोग रात के अंधेरे में ही अपने घरों से बाहर निकल आए। गनीमत यह रही कि इस घटना में अब तक किसी तरह के जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है, लेकिन एक के बाद एक हो रहे इन धमाकों ने पूरे सूबे की सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है।

फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने रात में ही शुरू की जांच

यह सनसनीखेज घटना रात करीब 11 बजे के बाद की बताई जा रही है। अचानक हुए इस तेज धमाके की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और भारतीय सेना की टीमें तुरंत अलर्ट मोड पर आ गईं और घटनास्थल पर पहुंच गईं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुला लिया गया। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि धमाके की तीव्रता की वजह से आर्मी कैंप की बाहरी दीवार पर लगी टीन की चादरों को काफी नुकसान पहुंचा है।

हर एंगल से जांच में जुटे अधिकारी, चप्पे-चप्पे पर भारी सुरक्षा

इस ब्लास्ट को लेकर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से चौकन्नी हो गई हैं। अमृतसर देहाती के एसपी आदित्य वारियर ने बताया कि धमाके की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और मौके से जरूरी सबूत इकट्ठा कर लिए गए हैं। फिलहाल वरिष्ठ अधिकारी इस मामले में ज्यादा जानकारी साझा करने से बच रहे हैं, लेकिन उनका स्पष्ट कहना है कि इस घटना को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है और हर संभावित एंगल से इसकी गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह से साफ हो पाएगी कि धमाके के पीछे किसका हाथ है। एहतियात के तौर पर पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है और भारी पुलिस बल की तैनाती कर हालात पर पैनी नजर रखी जा रही है।

After Jalandhar, Now a Blast in Amritsar: Area Rocked by Loud Explosion Outside Khasa Army Camp