नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी के विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना लगातार जारी है और शुरुआती रुझानों ने देश की राजनीति में एक बड़ा भूचाल ला दिया है। सबसे ज्यादा चौंकाने वाले आंकड़े पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु से सामने आ रहे हैं, जहां दशकों पुरानी सियासी जमीन पूरी तरह से खिसकती हुई नजर आ रही है। इन रुझानों से साफ है कि मतदाताओं ने इस बार कई राज्यों में सत्ता परिवर्तन के लिए जमकर वोट किया है।
पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी को तगड़ा झटका, बीजेपी रचेगी इतिहास!
पश्चिम बंगाल से आ रहे ताज़ा रुझान सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के लिए एक बड़े झटके की तरह हैं। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने यहां अप्रत्याशित बढ़त बनाते हुए 200 सीटों के जादुई आंकड़े की तरफ छलांग लगा दी है। 15 साल तक लगातार सत्ता पर काबिज रहने के बाद ‘दीदी’ का किला ढहता हुआ नजर आ रहा है। अगर ये रुझान नतीजों में तब्दील होते हैं, तो आजादी के बाद बंगाल में पहली बार बीजेपी की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बननी तय है।
तमिलनाडु में ‘थलपति’ विजय का तूफ़ान, द्रमुक और अन्नाद्रमुक हुए पस्त
दक्षिण के अहम राज्य तमिलनाडु में इस बार सारे राजनीतिक समीकरण और पुरानी पार्टियां धड़ाम हो गई हैं। तमिल सिनेमा के सुपरस्टार विजय की नई पार्टी ‘तमिलगा वेत्री कड़गम’ (TVK) ने अपने पहले ही चुनाव में प्रचंड सुनामी ला दी है। रुझानों में विजय की पार्टी 118 सीटों का बहुमत का आंकड़ा पार कर चुकी है। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की द्रमुक (DMK) और प्रमुख विपक्षी दल अन्नाद्रमुक दोनों बुरी तरह पिछड़ गए हैं। पर्दे के ‘थलपति’ अब तमिलनाडु की राजनीति के नए सरताज बनकर उभर रहे हैं।
केरल में कांग्रेस की शानदार वापसी, लेफ्ट सरकार को सत्ता से बेदखली का डर
केरल में भी बदलाव की साफ लहर देखने को मिल रही है। मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के नेतृत्व वाली लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) को सत्ता विरोधी लहर का भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। कांग्रेस की अगुवाई वाला यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) रुझानों में बहुमत का आंकड़ा पार करते हुए सत्ता में शानदार वापसी करता दिख रहा है। ऐसा लग रहा है कि केरल की जनता ने एक बार फिर हर पांच साल में सरकार बदलने की अपनी पारंपरिक सियासी रवायत को कायम रखा है।
असम और पुडुचेरी में एनडीए का दबदबा बरकरार
पूर्वोत्तर के राज्य असम और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का पलड़ा एकतरफा भारी है। असम में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में बीजेपी एक बार फिर कमाल करती दिख रही है और पार्टी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की ओर मजबूती से बढ़ रही है। यहां कांग्रेस कोई खास चुनौती पेश नहीं कर पाई। वहीं, छोटे से राज्य पुडुचेरी में भी एनडीए बड़े अंतर से आगे चल रही है और वहां भी सत्ता वापसी लगभग तय मानी जा रही है।

Didi faces a complete rout in Bengal, while actor Vijay pulls off a major ‘coup’ in Tamil Nadu








