जालंधर: जालंधर शहर में नामदेव चौक स्थित सीएम मान के निवास के ठीक पास एक चोरी की घटना सामने आई है। फगवाड़ा गेट मार्केट के एक इलेक्ट्रॉनिक कारोबारी की फॉर्च्यूनर गाड़ी का टायर पंक्चर कर लुटेरे फिल्मी स्टाइल में उनका बैग ले उड़े। इस बैग में 40 हजार रुपये की नकदी, दुकान के जरूरी बिल और लाखों रुपये के सोने के आभूषण थे। सीएम आवास जैसे अति सुरक्षित इलाके के पास हुई इस दुस्साहसिक वारदात ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद से स्थानीय व्यापारियों में भारी रोष देखने को मिल रहा है।
सोची-समझी साजिश: चलती गाड़ी के टायर पर मारा कट
पीड़ित कारोबारी भरत ककड़िया ने बताया कि यह कोई आम चोरी नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश थी। रात करीब 10 बजे वह अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी से हंसराज स्टेडियम में खेलने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में लुटेरों ने चलती गाड़ी के टायर पर किसी तेज धारदार चीज से कट मार दिया। पलक झपकते ही टायर की हवा 40 से जीरो हो गई। कारोबारी ने गाड़ी को सड़क किनारे खड़ा किया और पास के पेट्रोल पंप पर मदद मांगने गए। जब वहां कोई नहीं मिला और वह खुद स्टेपनी बदलने के लिए जैक निकाल रहे थे, तभी बाइक सवार एक युवक गाड़ी से बैग उठाकर रफूचक्कर हो गया।
दुकान से ही हो रही थी रेकी, सीसीटीवी में कैद हुआ चोर
पीड़ित भरत ककड़िया का कहना है कि लुटेरों ने उनकी दुकान से ही उनका पीछा करना शुरू कर दिया था। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक संदिग्ध युवक नजर आ रहा है, जिसने गाड़ी के आसपास कई चक्कर काटे और बड़ी सफाई से बैग निकालकर फरार हो गया। व्यापारी ने बताया कि उनके बैग में 40 हजार रुपये कैश, 3 सोने की अंगूठियां और एक कीमती स्टोन वाला लॉकेट था। इस वारदात में उनका 4 लाख रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ है। पीड़ित ने खौफ जताते हुए कहा कि अगर वह किसी सुनसान जगह पर रुकते, तो लुटेरे उनकी जान भी ले सकते थे।
‘वोट भी व्यापारी देता है, चोट भी व्यापारी खाता है’
घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 4 से एएसआई हीरा लाल मौके पर पहुंचे। हैरानी की बात यह रही कि पुलिस अधिकारी ने चोरी के लिए व्यापारी की ही गलती निकाल दी, हालांकि उन्होंने सीसीटीवी के आधार पर चोर को जल्द पकड़ने का आश्वासन दिया। घटना की खबर फैलते ही सहदेव मार्केट, स्वर्णकार एसोसिएशन और कपड़ा एसोसिएशन के प्रधान मौके पर इकट्ठा हो गए। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन पर भड़ास निकालते हुए कहा कि ‘वोट भी व्यापारी देता है और चोट भी व्यापारी ही खाता है।’ इस बीच, स्थानीय विधायक रमन अरोड़ा ने भी पीड़ित कारोबारी से फोन पर बात कर उन्हें ढांढस बंधाया और पुलिस को तुरंत आरोपियों की गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए हैं।

Filmy-Style Robbery Near CM’s Residence in Jalandhar: Thieves Puncture Fortuner’s Tire








