जालंधर: महंगाई के मोर्चे पर आम आदमी और कारोबारियों को एक और बड़ा झटका लगा है। कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में अचानक भारी-भरकम उछाल आया है, जिससे अब आपका बाहर खाना-पीना और भी महंगा होने वाला है। 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में सीधे 1 हजार रुपये तक की आग लगा दी गई है, जिसके बाद होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग संचालकों की चिंताएं बढ़ गई हैं।
अचानक बदले रेट, जालंधर में 3000 के पार हुआ सिलेंडर
गैस कंपनियों ने सुबह-सुबह ही नए रेट लागू कर दिए हैं, जिसने कारोबारियों का बजट पूरी तरह से बिगाड़ दिया है। हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपी) के जालंधर स्थित गैस एजेंसी कर्मियों के अनुसार, रेट में बड़ा संशोधन हुआ है। जालंधर में जो 19 किलो का एचपी का रेगुलर कमर्शियल सिलेंडर पहले 2,190 रुपये में मिलता था, उसके लिए अब ग्राहकों को 3,190 रुपये चुकाने होंगे।
दिल्ली से लेकर लुधियाना और चंडीगढ़ तक हाहाकार
कीमतों में लगी यह आग सिर्फ एक शहर तक सीमित नहीं है। इंडियन ऑयल की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक, इंडेन का 19 किलोग्राम वाला सिलेंडर 993 रुपये महंगा कर दिया गया है। राजधानी दिल्ली में अब इस सिलेंडर की कीमत 2078.50 रुपये से छलांग लगाकर 3071.50 रुपये हो गई है। वहीं, पंजाब के औद्योगिक शहर लुधियाना और राजधानी चंडीगढ़ में भी जो कमर्शियल सिलेंडर पहले 2100 रुपये में आता था, उसकी कीमत अब बढ़कर 3092 रुपये हो गई है। यह बढ़ोतरी कमर्शियल गैस के सभी वेरिएंट्स- 19 किलोग्राम रेगुलर, एक्स्ट्रा तेज और नैनो कट में लागू की गई है।
चाय-नाश्ते से लेकर शादियों की थाली तक सब होगा महंगा
गैस सिलेंडर के दामों में हुई इस ऐतिहासिक वृद्धि का सीधा और सबसे बड़ा असर होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग बिजनेस पर पड़ने वाला है। ईंधन की लागत बढ़ने से अब ढाबों और होटलों में खाने-पीने की चीजें महंगी होना लगभग तय माना जा रहा है। सुबह की चाय से लेकर नाश्ता, लंच की थाली और यहां तक कि शादी-विवाह व अन्य समारोहों में होने वाले खान-पान के खर्च में भी भारी उछाल देखने को मिलेगा, जिसका सीधा बोझ आम जनता की जेब पर ही पड़ेगा।

Major Blow: Commercial Gas Cylinders in Punjab Just Got 1,000 More Expensive








