जालंधर: दिल्ली और पंजाब के बीच रेल से सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक बेहद जरूरी खबर है। अगर आप आज यानी 29 अप्रैल को जालंधर से दिल्ली या दिल्ली से जालंधर की यात्रा करने वाले हैं, तो आपको भारी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। ट्रैक मरम्मत कार्य के चलते रेलवे ने बड़ा फैसला लेते हुए आज जालंधर सिटी-दिल्ली जंक्शन और जालंधर सिटी इंटरसिटी एक्सप्रेस के रूट में कटौती कर दी है। इसके कारण जालंधर और लुधियाना के बीच इन ट्रेनों का संचालन पूरी तरह से रद्द रहेगा।
लुधियाना तक ही रहेगा इन दोनों ट्रेनों का सफर
रेलवे के आधिकारिक बयान के अनुसार, आज 29 अप्रैल को जालंधर से चलने वाली ट्रेन नंबर 14682 (जालंधर सिटी-दिल्ली जंक्शन) अब जालंधर से रवाना नहीं होगी। यह ट्रेन अपने नए निर्धारित कार्यक्रम के तहत लुधियाना जंक्शन से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेगी। यानी जालंधर से लुधियाना के बीच यह ट्रेन आज रद्द रहेगी। इसी तरह वापसी में दिल्ली से दोपहर 2 बजकर 45 मिनट पर चलने वाली जालंधर सिटी इंटरसिटी एक्सप्रेस भी आज जालंधर तक नहीं पहुंचेगी। इस ट्रेन को भी लुधियाना में ही समाप्त कर दिया जाएगा।
सुचारू संचालन के लिए ट्रैक की मरम्मत है जरूरी
अचानक ट्रेनों के रूट में की गई इस कटौती से पहले से रिजर्वेशन करा चुके यात्रियों की परेशानी काफी बढ़ गई है। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने इस बदलाव की पुष्टि करते हुए बताया कि रेलवे ट्रैक की मरम्मत और परिचालन संबंधी बाधाओं के कारण यह सख्त कदम उठाया गया है। रेलवे के सुचारू और सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए इन दो महत्वपूर्ण ट्रेनों के सफर को जालंधर और लुधियाना के बीच सीमित करना पड़ा है।
हेल्पलाइन से लें जानकारी, रेलवे ने किया अलर्ट
अचानक हुए इस फेरबदल से यात्रियों को होने वाली परेशानी को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने पूछताछ काउंटरों को पूरी तरह से अलर्ट पर रखा है। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन पर किसी भी तरह के भ्रम या परेशानी से बचने के लिए अपनी यात्रा शुरू करने से पहले रेलवे के हेल्पलाइन नंबर या आधिकारिक ऐप के माध्यम से अपनी ट्रेन का मौजूदा स्टेटस जरूर चेक कर लें, ताकि उन्हें स्टेशन पर परेशान न होना पड़े।

Passengers, please take note! These key trains on the Delhi-Punjab route will remain cancelled today








