You are currently viewing पंजाब में रात के अंधेरे में सैर कर रहे लोगों पर बदमाशों ने बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां, कबड्डी खिलाड़ी समेत 2 की दर्दनाक मौत

पंजाब में रात के अंधेरे में सैर कर रहे लोगों पर बदमाशों ने बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां, कबड्डी खिलाड़ी समेत 2 की दर्दनाक मौत

बटाला: बटाला से दहला देने वाली वारदात सामने आई है। घुमाण इलाके के गांव भोमा में सोमवार रात बेखौफ बदमाशों ने खूनी खेल खेलते हुए तीन लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस भयानक गोलीबारी में दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य नौजवान गंभीर रूप से घायल हो गया है। मरने वालों में एक उभरता हुआ कबड्डी खिलाड़ी भी शामिल है। इस दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

सैर के दौरान बाइक सवार हमलावरों ने किया जानलेवा हमला

रोंगटे खड़े कर देने वाली यह वारदात सोमवार रात करीब 9 बजे की है। गांव भोमा के रहने वाले 38 वर्षीय कश्मीर सिंह और 20 वर्षीय जुगराज सिंह अपने एक अन्य साथी के साथ भोमा से पेरोशाह रोड पर सैर कर रहे थे। तभी अचानक बाइक पर सवार होकर आए अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोलियों की बारिश कर दी। अचानक हुए इस खौफनाक हमले में कश्मीर और जुगराज को संभलने का मौका ही नहीं मिला और गोलियां लगने से दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, उनका तीसरा साथी गोली लगने के बावजूद वहां से भागने में कामयाब रहा, जिससे उसकी जान बच गई।

कबड्डी खिलाड़ी था मृतक जुगराज, परिवार में मचा कोहराम

इस घटना के बाद मृतक जुगराज सिंह के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जुगराज के पिता साबी ने रुंधे गले से बताया कि उनका बेटा एक बेहतरीन कबड्डी खिलाड़ी था और वह हर रोज शाम को पेरोशाह रोड पर सैर करने जाया करता था। सोमवार रात भी वह करीब 8:30 बजे घर से सैर के लिए निकला था। कुछ ही देर बाद परिवार को यह मनहूस खबर मिली कि कुछ अज्ञात लोगों ने जुगराज और उसके साथियों पर जानलेवा हमला कर दिया है। जब बदहवास परिवार मौके पर पहुंचा, तो जुगराज और कश्मीर सिंह खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़े थे।

हमलावर फरार, पुलिस ने शुरू की कातिलों की तलाश

वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार हत्यारे रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहे। इस तिहरे शूटआउट की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना पाते ही एसएसपी डॉ. मेहताब सिंह, डीएसपी और थाना घुमाण के एसएचओ भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक को इलाज के लिए बटाला के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस कातिलों की सरगर्मी से तलाश कर रही है और इस खूनी वारदात के पीछे के असल कारणों का पता लगाया जा रहा है।

In Punjab, miscreants unleashed a hail of bullets upon people strolling in the dead of night