You are currently viewing पंजाब में अंबाला-अमृतसर रेल कॉरिडोर पर IED धमाका, घटनास्थल पर मिले शव के चिथड़े; 4 महीने में दूसरा बड़ा ब्लास्ट, सुरक्षा पर उठे सवाल

पंजाब में अंबाला-अमृतसर रेल कॉरिडोर पर IED धमाका, घटनास्थल पर मिले शव के चिथड़े; 4 महीने में दूसरा बड़ा ब्लास्ट, सुरक्षा पर उठे सवाल

पटियाला: पटियाला जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है। अंबाला-अमृतसर रेल फ्रंट कॉरिडोर पर सोमवार रात करीब 8:30 बजे एक जोरदार IED धमाका हुआ। यह विस्फोट राजपुरा-शंभू रेलवे स्टेशन के पास हुआ, जिसकी गूंज ने सुरक्षा एजेंसियों के होश उड़ा दिए हैं। सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और पंजाब पुलिस की भारी नफरी मौके पर पहुंच गई है।

लाश के उड़े चिथड़े, पगड़ी देख बढ़ी संजीदगी

धमाका इतना शक्तिशाली था कि घटनास्थल के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है, जिसके शरीर के चिथड़े उड़ चुके हैं। जांच के दौरान शव के अवशेषों के साथ एक पगड़ी भी बरामद हुई है। पुलिस मृतक की शिनाख्त करने की कोशिश कर रही है ताकि यह पता चल सके कि वह हमलावर था या कोई राहगीर। मौके पर केंद्रीय जांच एजेंसियां भी पहुंच रही हैं, क्योंकि इसे एक बड़ी आतंकी साजिश से जोड़कर देखा जा रहा है।

यूपी-हरियाणा नंबर की संदिग्ध बाइकें और ‘धमकी’ का कनेक्शन

पुलिस को घटनास्थल के पास से दो लावारिस मोटरसाइकिलें मिली हैं, जिन पर उत्तर प्रदेश और हरियाणा के नंबर दर्ज हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि ठीक एक सप्ताह पहले एक अज्ञात ईमेल के जरिए पंजाब और हरियाणा के रेलवे ट्रैक को उड़ाने की धमकी दी गई थी। ईमेल में स्पष्ट रूप से अंबाला से दिल्ली तक धमाके करने की बात कही गई थी, जिसे कथित तौर पर सुरक्षा एजेंसियों ने गंभीरता से नहीं लिया।

4 महीने में दूसरा बड़ा ब्लास्ट, सुरक्षा पर उठे सवाल

पंजाब की रेल लाइनों पर इस साल का यह दूसरा बड़ा धमाका है। इससे पहले 23 जनवरी को सरहिंद के खानपुर में हुए ब्लास्ट ने मालगाड़ी को पटरी से उतार दिया था। बार-बार मिल रही धमकियों के बावजूद सुरक्षा में हुई इस चूक ने प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर दिया है। फिलहाल पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और सर्च ऑपरेशन जारी है।

IED Blast on Ambala-Amritsar Rail Corridor in Punjab; Mutilated Remains Found at the Scene