You are currently viewing पंजाब में मौसम का डबल अटैक, कहीं 50 KM की रफ्तार से आंधी-बारिश तो कहीं भयंकर लू का येलो अलर्ट जारी

पंजाब में मौसम का डबल अटैक, कहीं 50 KM की रफ्तार से आंधी-बारिश तो कहीं भयंकर लू का येलो अलर्ट जारी

चंडीगढ़: पंजाब और चंडीगढ़ में इन दिनों चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। रविवार को तापमान में मामूली 0.4 डिग्री की गिरावट जरूर दर्ज की गई, लेकिन यह अभी भी सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक बना हुआ है। राज्य भर में बठिंडा सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसी बीच मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए एक बड़ा अपडेट जारी किया है, जिसमें भीषण गर्मी के साथ-साथ तेज आंधी-तूफान की चेतावनी भी दी गई है।

30 अप्रैल तक मौसम का येलो अलर्ट जारी

मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार, पूरे राज्य में 27 से 30 अप्रैल तक हीटवेव, गर्म रातों और आंधी-तूफान को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान आसमान में तेज बिजली चमकने के साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की पूरी संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि 1 मई को चिलचिलाती लू से थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन यह राहत लंबी नहीं होगी क्योंकि 2 मई से एक बार फिर गर्मी अपने तीखे तेवर दिखाना शुरू कर देगी।

आज इन जिलों में बारिश, तो कहीं चलेगी लू

मौसम के इस बदलते मिजाज के बीच आज राज्य में अलग-अलग तरह का मौसम देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक, आज राज्य के सात जिलों जिनमें पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा शामिल हैं, वहां कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही आंधी-तूफान, बिजली चमकने और तेज हवाओं की भी आशंका है। वहीं दूसरी तरफ, फिरोजपुर, फरीदकोट, मोगा, लुधियाना, बरनाला, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और मोहाली जैसे 9 जिलों में भीषण लू चलने का अनुमान जताया गया है जिससे लोगों को कड़ी धूप का सामना करना पड़ेगा।

40 डिग्री के पार पहुंचा कई जिलों का पारा

राज्य में गर्मी का प्रकोप इस कदर है कि 7 प्रमुख जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो चंडीगढ़ में 40.8, लुधियाना में 42.4, पटियाला में 42.4, बठिंडा में 43.7, एसबीएस नगर में 40.5, फरीदकोट में 42.8 और रूपनगर में 41.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है। इसके अलावा 6 जिलों में पारा 35 से 40 डिग्री के बीच बना हुआ है, जिसमें अमृतसर का 39.3, पठानकोट का 38.8, फाजिल्का का 39.9, फिरोजपुर का 39.0, होशियारपुर का 37.9 और मोगा का 39.4 डिग्री तापमान शामिल है। मौसम के इन तीखे तेवरों को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

Punjab Faces a Double Weather Onslaught: Storms and Rain Gusting at 50 km/h in Some Areas