चंडीगढ़: पंजाब और चंडीगढ़ में इन दिनों आसमान से आग बरस रही है और भीषण गर्मी ने लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है। लगातार बढ़ते तापमान से हालात इस कदर बिगड़ गए हैं कि मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने आज (शनिवार) के लिए पंजाब और चंडीगढ़ में हीटवेव (लू) का येलो अलर्ट जारी कर दिया है। शुक्रवार के मुकाबले पारे में 0.5 डिग्री सेल्सियस का और इजाफा दर्ज किया गया है, जिसके बाद दिन का तापमान सामान्य से पांच डिग्री ऊपर चला गया है।
बठिंडा और फरीदकोट में गर्मी का टॉर्चर
गर्मी के तीखे तेवरों का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पंजाब के बठिंडा और फरीदकोट में अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस के खौफनाक स्तर पर पहुंच गया है। वहीं, राजधानी चंडीगढ़ में भी लोगों को झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ रहा है, जहां पारा 41.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। तेज धूप और लू के थपेड़ों ने आम जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है और दोपहर के समय सड़कें सुनसान नजर आने लगी हैं।
कल से बदलेगा मौसम, 5 दिन बारिश की चेतावनी
लगातार चढ़ते पारे और भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने लोगों के लिए एक राहत भरी खबर भी दी है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, कल यानी 26 अप्रैल से 30 अप्रैल तक मौसम का मिजाज बदलने वाला है। विभाग ने इस दौरान पंजाब और चंडीगढ़ के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की चेतावनी जारी की है। आने वाले इन पांच दिनों में तेज हवाएं चलने और बारिश होने से तापमान में गिरावट आने की पूरी संभावना है, जिससे झुलसते लोगों को इस प्रचंड गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।

Fire Rains from the Sky in Punjab: Mercury Soars Past 44°C, Yellow Alert Issued








