You are currently viewing पंजाब पुलिस के कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले, ड्यूटी का तनाव कम करने के लिए फिर शुरू हुई साप्ताहिक छुट्टी; देखें पूरा शेड्यूल

पंजाब पुलिस के कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले, ड्यूटी का तनाव कम करने के लिए फिर शुरू हुई साप्ताहिक छुट्टी; देखें पूरा शेड्यूल

बठिंडा: पंजाब पुलिस के जवानों और अधिकारियों के लिए एक बेहद राहत भरी खबर है। पुलिस कर्मियों के लगातार बढ़ते कार्यभार और मानसिक तनाव को देखते हुए विभाग ने एक बार फिर से साप्ताहिक अवकाश की व्यवस्था को लागू कर दिया है। अब पुलिस कर्मचारियों को रोटेशन के आधार पर सप्ताह में एक दिन की छुट्टी मिलेगी, जिससे वे परिवार के साथ समय बिता सकेंगे और खुद को तरोताजा कर सकेंगे। हालांकि, यह भी स्पष्ट किया गया है कि किसी भी तरह की आपात स्थिति पैदा होने पर उन्हें तुरंत अपनी ड्यूटी पर वापस लौटना होगा। इस कदम का मुख्य उद्देश्य जवानों का मानसिक तनाव कम करना और उनकी कार्यक्षमता को और बेहतर बनाना है।

मुख्यालय से बाहर जाने पर रहेगी सख्त पाबंदी

इस नई व्यवस्था को पुलिस मुख्यालय द्वारा साल 2003 में जारी किए गए निर्देशों के तहत लागू किया गया है। नियम के मुताबिक, छुट्टी वाले दिन भी कोई कर्मचारी बिना पूर्व अनुमति के मुख्यालय से बाहर नहीं जा सकेगा। अगर किसी पुलिसकर्मी को उसके निर्धारित दिन पर जरूरी काम की वजह से अवकाश नहीं मिल पाता है, तो वह किसी अन्य दिन अपनी छुट्टी ले सकेगा। इस पूरी व्यवस्था की निगरानी का जिम्मा जिले के एसएसपी और डीएसपी स्तर के अधिकारियों को सौंपा गया है, ताकि रोटेशन का सही तरीके से पालन हो सके।

बठिंडा जिले के लिए जारी हुआ अप्रैल का रोस्टर

इस नई पहल के तहत बठिंडा जिले में अप्रैल 2026 के लिए थानों का पूरा शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है। इसके अनुसार सोमवार को कोतवाली बठिंडा, संगत और फूल के प्रभारी छुट्टी पर रहेंगे। मंगलवार को सिविल लाइंस, नहियांवाला और मौड़ की बारी होगी। इसी तरह बुधवार को कैनाल कॉलोनी, तलवंडी साबो और सिटी रामपुरा, जबकि वीरवार को कैंट, बालियांवाली और रामां के प्रभारी अवकाश पर रहेंगे। शुक्रवार को थर्मल, नथाना और कोटफत्ता तथा शनिवार को सदर बठिंडा, सदर रामपुरा और साइबर क्राइम के प्रभारियों को आराम मिलेगा। वहीं, रविवार के दिन महिला थाना, नंदगढ़ और भगता भाईका के प्रभारी अपना साप्ताहिक अवकाश ले सकेंगे।

Punjab Police employees are in for a treat as weekly leave resumes to ease duty stress