बरनाला: अक्सर आपने करोड़ों की लग्जरी कारों पर लाखों रुपये के वीआईपी (VIP) नंबर लगे हुए देखे होंगे, लेकिन पंजाब के बरनाला से एक ऐसा हैरान करने वाला मामला सामने आया है जिसने इंटरनेट की जनता को दंग कर दिया है। यहां एक युवक ने अपनी महज 25 हजार रुपये की पुरानी ‘प्लैटिना’ बाइक पर 13.65 लाख रुपये का फैंसी नंबर लगवाया है। इस बाइक पर लगा वीआईपी नंबर ‘PB 19, X 0001’ इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर ट्रेंड कर रहा है और लोगों के बीच भारी चर्चा का विषय बन गया है।

हंसते हुए बताई खटारा बाइक की कीमत
अपनी पहचान गुप्त रखने वाले इस युवक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपनी बाइक और उसके महंगे वीआईपी नंबर का वीडियो साझा किया है। जब वीडियो में किसी ने उससे पूछा कि यह प्लैटिना बाइक आखिर कितने की है, तो वह जोर से हंसने लगा और बेझिझक जवाब दिया कि इस बाइक की कीमत सिर्फ 25 हजार रुपये है। इतनी सस्ती बाइक पर इतना भारी-भरकम रकम खर्च कर नंबर लेने की बात पर जब लोगों को हैरानी हुई, तो युवक ने पूरे आत्मविश्वास के साथ दावा किया कि उसने यह नंबर पूरी कानूनी प्रक्रिया के तहत खरीदा है। उसने बताया कि उसके पास इस वीआईपी नंबर को खरीदने की पक्की रसीद और पूरे कागजात मौजूद हैं, जिन पर 13.65 लाख रुपये की रकम साफ-साफ लिखी हुई है।
सोशल मीडिया पर आ रहे मजेदार रिएक्शन
खटारा सी दिखने वाली प्लैटिना बाइक पर 0001 नंबर का यह अजीबोगरीब कॉम्बिनेशन इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस अनोखे स्वैग को देखकर सोशल मीडिया पर यूजर्स तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। इस वायरल पोस्ट पर भटिंडा के एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा कि बरनाला के युवाओं में फैंसी नंबर लेने का एक अलग ही क्रेज है, तभी तो पंजाबी में कहा जाता है कि ‘शौक दा कोई मुल्ल नहीं’ (शौक की कोई कीमत नहीं होती)। हालांकि, उस यूजर ने यह भी जानकारी दी कि इस तरह की वीआईपी सीरीज के नंबरों की सरकार द्वारा खुली बोली (ऑक्शन) लगाई जाती है। आम तौर पर इस तरह के नंबर 5 लाख रुपये तक में मिल जाते हैं, लेकिन यह पूरी तरह से बोली लगाने वालों की जिद और नंबर की डिमांड पर निर्भर करता है कि उसकी कीमत कितनी ऊपर जाएगी।

An Extraordinary Hobby: A ₹13.65 Lakh VIP Number Plate Affixed to a ₹25,000 Old Platina Bike








