चंडीगढ़: चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी की मार झेल रहे पंजाब के लोगों के लिए राहत की बड़ी खबर आई है। मौसम विभाग ने राज्य में आज से अगले चार दिनों तक मौसम में बड़े बदलाव की घोषणा की है। इस दौरान पंजाब के कई हिस्सों में तेज आंधी, गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इससे पहले बुधवार को राज्य में गर्मी के कड़े तेवर देखने को मिले थे, जहां फरीदकोट में अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे पंजाब में सबसे गर्म इलाका रहा।
60 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार, वीरवार और शुक्रवार को इस मौसमी बदलाव का सबसे घातक असर देखने को मिल सकता है। इन दो दिनों के लिए विभाग ने ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। इस दौरान पंजाब के कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी धूलभरी आंधी चलने और तेज बारिश होने की पूरी संभावना है।
वीकेंड पर रहेगा ‘येलो अलर्ट’, 5 डिग्री तक गिरेगा पारा
मौसम में आ रहे इस बड़े बदलाव के कारण शनिवार और रविवार (6 और 7 जून) के लिए विभाग ने ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। इन दिनों हवा की रफ्तार थोड़ी कम यानी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है, जबकि कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जाएगी। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इस झमाझम बारिश और आंधी के चलते पंजाब के तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट आएगी, जिससे लोगों को तपन से बड़ी राहत मिलेगी।
इस तारीख से फिर सताएगी गर्मी
फिलहाल पंजाब में तापमान सामान्य से 2.7 डिग्री नीचे चल रहा है। बुधवार को अमृतसर और लुधियाना का अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री, पटियाला का 39.4 डिग्री और रूपनगर का 37.4 डिग्री दर्ज किया गया था, जबकि अमृतसर में न्यूनतम तापमान सबसे कम 22.4 डिग्री रहा। हालांकि, राहत के ये दिन ज्यादा लंबे नहीं चलेंगे। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 8 जून से पंजाब का मौसम एक बार फिर पूरी तरह शुष्क हो जाएगा, जिसके बाद गर्मी का प्रकोप और अधिक बढ़ जाएगा।

4-Day Alert Issued in Punjab Amidst Scorching Heat; Winds to Blow at 60 km/h








