You are currently viewing जालंधर के इन 2 बड़े स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बम निरोधक दस्ता मौके पर; चप्पे-चप्पे की ली जा रही तलाशी

जालंधर के इन 2 बड़े स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बम निरोधक दस्ता मौके पर; चप्पे-चप्पे की ली जा रही तलाशी

जालंधर: शहर में उस वक्त दहशत का माहौल पैदा हो गया, जब यहां के दो प्रतिष्ठित स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरी ईमेल प्राप्त हुई। यह खौफनाक ईमेल पंजाब आर्म्ड पुलिस (पीएपी) कैंपस के बीचों-बीच स्थित पुलिस डीएवी और रामामंडी की एपीजे स्कूल ब्रांच को मिली है। इस गंभीर सूचना के मिलते ही पूरा पुलिस प्रशासन तुरंत अलर्ट हो गया। भारी पुलिस बल के साथ स्निफर डॉग और बम निरोधक दस्ता स्कूलों में पहुंचकर चप्पे-चप्पे की सघन तलाशी ले रहा है।

पैनिक से बचने के लिए नहीं की गई छुट्टी

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अब तक की गई जांच में स्कूल परिसर से कोई भी संदिग्ध वस्तु या बम जैसी चीज बरामद नहीं हुई है। प्रशासन का कहना है कि स्कूलों को पहले भी इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं, इसलिए बच्चों और अभिभावकों में बेवजह दहशत (पैनिक) फैलने से रोकने के लिए फिलहाल स्कूलों की छुट्टी नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच चल रही है और तकनीकी टीमों को यह पता लगाने के लिए लगा दिया गया है कि आखिर यह धमकी भरी ईमेल किस आईपी एड्रेस और कहां से भेजी गई है।

प्रधानमंत्री के दौरे से पहले भी मिली थी ऐसी ही धमकी

आपको बता दें कि यह कोई पहला मामला नहीं है जब शहर के स्कूलों को इस तरह से निशाना बनाया गया हो। इससे पहले 1 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे से ठीक एक दिन पहले भी जालंधर के 6 स्कूलों को बम ब्लास्ट की धमकी मिली थी। उस दिन श्री गुरु रविदास महाराज जी की जयंती और शोभायात्रा के कारण स्कूलों में अवकाश था। सूचना मिलते ही उस वक्त भी सुरक्षा एजेंसियों ने बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया था, हालांकि विस्तृत जांच के दौरान पुलिस के हाथ कुछ भी संदिग्ध नहीं लगा था।

‘निज्जर की मौत का जिम्मेदार कौन… बदला’

पिछली बार एक स्कूल को जो ईमेल भेजा गया था, उसमें साफ तौर पर लिखा था कि प्रधानमंत्री मोदी के दौरे को लेकर बम ब्लास्ट किया जाएगा। ‘बिल्ली हाल’ के नाम से भेजे गए उस मेल में 3-4 स्कूलों में धमाका करने की बात कही गई थी। इतना ही नहीं, उस धमकी भरे संदेश में लिखा गया था कि ‘हम श्री गुरु रविदास जी की रिस्पेक्ट करते हैं। निज्जर की मौत का जिम्मेदार कौन है…बदला…बदला…बदला।’ मेल में डेरा बल्लां को भी निशाने पर लेने की बात कही गई थी। गौरतलब है कि इससे पहले 25 दिसंबर को भी शहर के स्कूलों को बम से उड़ाने की ऐसी ही धमकियां मिल चुकी हैं।

These 2 big schools of Jalandhar received a bomb threat, bomb squad on the spot