You are currently viewing भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ आज पंजाब बंद, AAP और कांग्रेस ने दिया हड़ताल को समर्थन; बिजली, बस और बैंकिंग सेवाएं हो सकती हैं ठप

भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ आज पंजाब बंद, AAP और कांग्रेस ने दिया हड़ताल को समर्थन; बिजली, बस और बैंकिंग सेवाएं हो सकती हैं ठप

चंडीगढ़: भारत और अमेरिका के बीच हाल ही में हुई ट्रेड डील के विरोध में आज पंजाब समेत पूरे देश में ट्रेड यूनियनों, किसान संगठनों और कर्मचारी संघों ने मोर्चा खोल दिया है। इस हड़ताल का व्यापक असर आम जनजीवन पर पड़ने की आशंका है। गुरुवार को बुलाए गए इस बंद के चलते बैंकिंग, बिजली (PSPCL), और परिवहन जैसी जरूरी सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। पंजाब रोडवेज, पीआरटीसी और पनबस के कर्मचारियों के हड़ताल में शामिल होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है, जबकि बैंकों के कामकाज पर भी सुस्ती छाई रह सकती है।

बिजली विभाग में आर-पार की लड़ाई

पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) के कर्मचारी संगठनों ने इस ट्रेड डील के विरोध में पूरे दिन काम बंद रखने का ऐलान किया है, जिससे राज्य में बिजली आपूर्ति और मरम्मत कार्यों पर असर पड़ सकता है। हालांकि, विभाग ने हड़ताल को विफल करने के लिए कड़ा रुख अपनाया है। पीएसपीसीएल प्रबंधन ने सख्त चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि जो भी कर्मचारी हड़ताल में शामिल होगा या काम से अनुपस्थित रहेगा, उसे नौकरी से भी हाथ धोना पड़ सकता है। दूसरी तरफ, रोडवेज कर्मचारियों ने भी अलग-अलग शहरों में धरना-प्रदर्शन करने की तैयारी कर ली है। बसें चलेंगी या चक्का पूरी तरह जाम रहेगा, इसका अंतिम फैसला यूनियन नेता मौके पर स्थिति को देखते हुए लेंगे, जिससे यात्रियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

राजनीतिक पार्टियों का खुला समर्थन

कर्मचारियों और किसानों की इस हड़ताल को अब राजनीतिक रंग भी मिल गया है। पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने इस बंद को अपना पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है। ‘आप’ ने अपने सभी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया है कि वे इस बंद में सहयोग करें और ट्रेड डील के खिलाफ आवाज उठाएं। वहीं, कांग्रेस के केंद्रीय संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने भी पार्टी की तरफ से पूरे देश में इस बंद का समर्थन करने का आह्वान किया है। राजनीतिक दलों के समर्थन के बाद यह आंदोलन और भी उग्र रूप ले सकता है, जिससे प्रशासन के लिए कानून-व्यवस्था बनाए रखना एक चुनौती होगी।

Punjab shut down today against the India-US trade deal, AAP and Congress support the strike