You are currently viewing नहीं रहे कथक सम्राट पद्म विभूषण पंडित बिरजू महाराज, 83 साल की उम्र में हार्ट अटैक से निधन

नहीं रहे कथक सम्राट पद्म विभूषण पंडित बिरजू महाराज, 83 साल की उम्र में हार्ट अटैक से निधन

नई दिल्ली: महान कथक नर्तक पंडित बिरजू महाराज का हार्ट अटैक से निधन हो गया। पद्म विभूषण से सम्मानित 83 वर्षीय बिरजू महाराज ने रविवार-सोमवार की दरमियानी रात दिल्ली में अंतिम सांस ली। उनके पोते स्वरांश मिश्रा ने यह जानकारी दी। बिरजू महाराज के निधन की खबर से संगीत प्रेमियों में शोक की लहर छा गई।

बताया जा रहा है कि बिरजू महाराज कल देर रात अपने पोते के साथ खेल रहे थे तभी उनकी तबीयत खराब हो गई और वे अचेत हो गए। उन्हें तुरंत साकेत के अस्पताल में ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले ही महाराज को गुर्दे की बीमारी का पता चला था। उनका इलाज चल रहा था। गायक मालिनी अवस्थी और अदनान सामी ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दी है।

बिरजू महाराज कथक के पर्याय थे। वह लखनऊ के कालका बिंदादीन घराने के सदस्य थे। बिरजू महाराज का पूरा नाम बृज मोहन नाथ मिश्र था। उनका जन्म 4 फरवरी 1937 को लखनऊ के प्रसिद्ध कथक नर्तक परिवार में हुआ था। लखनऊ घराने से ताल्लुक रखने वाले बिरजू महाराज कथक नर्तक होने के साथ साथ शास्त्रीय गायक भी थे। बिरजू महाराज के पिता और गुरु अच्छन महाराज, चाचा शंभु महाराज और लच्छू महाराज भी प्रसिद्ध कथक नर्तक थे।

Kathak emperor Padma Vibhushan Pandit Birju Maharaj is no more, passes away at the age of 83