You are currently viewing गुरदासपुर पुलिस हत्याकांड: पाकिस्तानी डॉन ने जारी किया हत्या का खौफनाक वीडियो, बदला लेने के लिए लॉरेंस गैंग की एंट्री

गुरदासपुर पुलिस हत्याकांड: पाकिस्तानी डॉन ने जारी किया हत्या का खौफनाक वीडियो, बदला लेने के लिए लॉरेंस गैंग की एंट्री

गुरदासपुर: पंजाब के गुरदासपुर में आदियां पुलिस चौकी के अंदर एएसआई और होमगार्ड की हत्या मामले में हर दिन नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी ने इस दोहरे हत्याकांड का एक रूह कंपा देने वाला वीडियो जारी किया है, जिसमें सोते हुए एएसआई को बेहद करीब से गोली मारते हुए देखा जा सकता है। वहीं, इस सनसनीखेज वारदात के बाद अब कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग की भी एंट्री हो गई है, जिसने हत्या की जिम्मेदारी लेने वाले आतंकी संगठन को खुलेआम खून के बदले खून की धमकी दी है।

 CM ने किया मुआवजे का ऐलान

पाकिस्तानी डॉन द्वारा जारी किए गए वीडियो में खौफनाक मंजर कैद है। इसमें साफ दिख रहा है कि एएसआई गुरनाम सिंह चौकी में अपनी कुर्सी पर सो रहे थे। तभी एक हमलावर ने पिस्टल पर साइलेंसर लगाकर पॉइंट ब्लैंक रेंज से उनके सिर में सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही उनकी आंखें एक पल के लिए खुलती हैं और फिर हमेशा के लिए बंद हो जाती हैं। वीडियो में एक बदमाश गोली चला रहा है, जबकि दूसरा इस पूरी घटना को मोबाइल में रिकॉर्ड कर रहा है। इस दर्दनाक घटना पर गहरा दुख जताते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शहीद हुए दोनों पुलिसकर्मियों के परिवारों को दो-दो करोड़ रुपये की सम्मान राशि देने का ऐलान किया है और सरकार की तरफ से उनकी शहादत को सलाम किया है।

लॉरेंस गैंग ने दी आतंकियों को खुली चुनौती

इस हत्याकांड में अब एक नया और खतरनाक मोड़ आ गया है। लॉरेंस गैंग के गैंगस्टर हैरी बॉक्सर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए आतंकियों को सीधी चुनौती दे डाली है। हैरी बॉक्सर ने लिखा कि देश के दो काबिल और ईमानदार अफसरों को आतंकियों ने शहीद किया है और वे इसका बदला खून से लेंगे। उसने हत्या की जिम्मेदारी लेने वाले आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान (TTH) को चेतावनी देते हुए कहा कि तुमने दो शहीद किए हैं, हम तुम्हारे दस मारेंगे और आतंकियों का साथ देने वाले गद्दार गैंगस्टरों का गला काट देंगे। लॉरेंस ग्रुप ने साफ कर दिया है कि देश के रक्षकों पर आंख उठाने वालों को ऐसी मौत दी जाएगी कि आगे कोई ऐसा करने की जुर्रत नहीं करेगा।

सीमावर्ती इलाकों में हाई अलर्ट, सीसीटीवी में भागते दिखे संदिग्ध

यह पूरी वारदात शनिवार रात पाकिस्तान बॉर्डर से महज डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित आदियां पुलिस चौकी में हुई थी, जहां ड्यूटी पर तैनात एएसआई गुरनाम सिंह के सिर और होमगार्ड अशोक कुमार के सीने में गोली मारी गई। रविवार देर शाम पुलिस के हाथ एक अहम सीसीटीवी फुटेज भी लगा है, जिसमें संदिग्ध हमलावर वारदात के बाद बाइक पर फरार होते नजर आ रहे हैं। इस दोहरे हत्याकांड और टीटीएच द्वारा इसकी जिम्मेदारी लिए जाने के बाद पूरे पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। अमृतसर के सीमावर्ती क्षेत्र अजनाला सहित कई संवेदनशील जगहों पर पुलिस ने विशेष नाकाबंदी कर दी है और हर आने-जाने वाले वाहन की सख्ती से जांच की जा रही है।

Gurdaspur police massacre: Pakistani don releases chilling video of murder, Lawrence gang enters to take revenge