You are currently viewing DM के घर की बिजली काटी तो मिली मौत, हिरासत में युवक की जान गई; परिवार बोला- 5 दिन के रिमांड पर पुलिस ने बुरी तरह प्रताड़ित किया

DM के घर की बिजली काटी तो मिली मौत, हिरासत में युवक की जान गई; परिवार बोला- 5 दिन के रिमांड पर पुलिस ने बुरी तरह प्रताड़ित किया

अमृतसर: अमृतसर में पुलिस की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पिछले दिनों आत्महत्या करने वाले वेयरहाउस के डीएम गगनदीप सिंह रंधावा के घर की बिजली की तारें काटने के आरोप में गिरफ्तार किए गए एक युवक की पुलिस हिरासत में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतक की पहचान गुरबख्श सिंह के रूप में हुई है, जिसे उसके एक अन्य साथी के साथ गिरफ्तार करने के बाद अदालत ने पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा था। पुलिस कस्टडी में हुई इस मौत के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस पर बेतहाशा टॉर्चर करने के संगीन आरोप लगाए हैं, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

रिमांड के दौरान टॉर्चर का गंभीर आरोप, दर्द से अकड़ गया था शरीर

मृतक गुरबख्श सिंह के परिवार ने पुलिस की थ्योरी को सिरे से नकारते हुए आरोप लगाया है कि रिमांड के दौरान उसके साथ पुलिस ने अमानवीय व्यवहार किया और बेरहमी से मारपीट की। मृतक की मां मनजीत ने रोते हुए बताया कि उनका बेटा पिछले पांच दिन से पुलिस की कस्टडी में था। बीती रात जब उसकी तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ गई, तो पुलिस वाले उसे गंभीर हालत में सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। मां के मुताबिक, जब उन्होंने अस्पताल में अपने बेटे को देखा तो उसका पूरा शरीर दर्द से बुरी तरह अकड़ा हुआ था और वह तड़प रहा था। परिवार ने पुलिस के सामने हाथ-पैर जोड़े कि उसे तुरंत किसी अच्छे प्राइवेट अस्पताल में दाखिल करवा दिया जाए ताकि उसकी जान बच सके, लेकिन पुलिस ने उनकी एक नहीं सुनी और अंततः उसने दम तोड़ दिया।

बिलखती पत्नी का सवाल- ‘मेरा दो साल का मासूम है, अब हम कहां जाएं?’

इस दर्दनाक घटना के बाद गुरबख्श के घर में कोहराम मचा हुआ है। मृतक की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। उसने अपने आंसुओं के बीच पुलिस प्रशासन पर भड़ास निकालते हुए कहा है कि उसका दो साल का छोटा बच्चा है और पुलिस ने उनका पूरा घर उजाड़ कर रख दिया है। पत्नी का सीधा आरोप है कि पुलिस के टॉर्चर और अस्पताल में सही समय पर इलाज न मिलने के कारण ही उसके पति की जान गई है। वहीं, इस पूरे बवाल के बीच पुलिस अपना बचाव करती नजर आ रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी कानूनी प्रक्रिया के तहत रिमांड पर था और अचानक तबीयत खराब होने के कारण उसे अस्पताल ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। फिलहाल, पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष और न्यायिक जांच का आश्वासन दिया है ताकि मौत का असली सच सबके सामने आ सके।

Cut Power to DM’s Residence, Met His Death: Youth Dies in Custody; Family Alleges Police Subjected Him to Brutal Torture