बरनाला: पंजाब के बरनाला जिले से एक बेहद संवेदनशील और निंदनीय घटना सामने आई है। यहां के ऐतिहासिक गुरुद्वारा जंडसर साहिब ठुल्लीवाल में एक महिला द्वारा श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी करने की कोशिश की गई। हालांकि, गुरुद्वारे में मौजूद सेवादारों की सतर्कता के कारण इस बड़ी घटना को तुरंत रोक लिया गया और महिला को पकड़ लिया गया। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके की संगत में भारी रोष देखने को मिल रहा है।
पुलिस ने महिला और उसके साथी पर दर्ज की एफआईआर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। डीएसपी महल कलां जसपाल सिंह धालीवाल और थाना प्रभारी गुरपाल सिंह ने इस पूरी घटना की आधिकारिक पुष्टि की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि थाना ठुल्लीवाल में आरोपी महिला और उसके एक अन्य साथी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है ताकि इस कृत्य के पीछे की असली मंशा का पता लगाया जा सके।
धार्मिक नेताओं ने जताया गहरा दुख, सख्त सजा की मांग
बेअदबी की इस कोशिश की खबर फैलते ही तख्त श्री दमदमा साहिब के जत्थेदार सिंह साहिब संत टेक सिंह धनौला और धर्म प्रचार कमेटी के बाबा बूटा सिंह गुड़थड़ी ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। इसके साथ ही, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान भाई गुरसेवक सिंह ठुल्लीवाल और पूरी कमेटी ने प्रशासन से मांग की है कि इस शर्मनाक घटना की पूरी सच्चाई जल्द से जल्द संगत के सामने लाई जाए और सभी दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए।

A woman attempted to desecrate the Sri Guru Granth Sahib at this historic Gurdwara in Punjab




