‘फिट टू फ्लाई’ सर्टिफिकेट मिलने के बाद दोबारा भरी थी उड़ान
टांडा: पंजाब के टांडा के पास स्थित गांव मूनक खुर्द के रहने वाले 66 वर्षीय परगण सिंह का दिल्ली से इटली के मिलान जाते समय फ्लाइट में निधन हो गया। वह अपने जीवन में पहली बार विदेश जा रहे थे। मृतक के परिजनों ने बताया कि परगण सिंह का बेटा पिछले 16-17 साल से इटली में रह रहा है। उसी से मिलने के लिए परगण सिंह अपनी पत्नी के साथ 15 फरवरी को दिल्ली से फ्लाइट में बैठे थे, लेकिन तब घबराहट के कारण वे बेहोश हो गए थे। डॉक्टरों ने चेकअप के बाद उन्हें ‘फिट टू फ्लाई’ का सर्टिफिकेट देकर अगले दिन सफर करने की सलाह दी थी। इसके बाद 16 फरवरी को उन्होंने दोबारा मिलान के लिए उड़ान भरी थी।
टेकऑफ के कुछ मिनट बाद आया पसीना और थम गई सांसें
16 फरवरी को जब परगण सिंह अपनी पत्नी के साथ फ्लाइट में बैठे, तो दिल्ली से विमान के उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद उन्हें तेज पसीना आने लगा। उन्होंने थोड़ा सा पानी पिया और अचानक अपनी सीट से नीचे गिर गए। पत्नी और अन्य यात्रियों द्वारा क्रू को सूचित करने पर विमान में मौजूद डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की और उनका चेकअप किया, लेकिन तब तक उनकी धड़कन रुक चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें मौके पर ही मृत घोषित कर दिया।
मिलान में जश्न की थी तैयारी, गांव में पसरा मातम
इटली में रह रहे बेटे को पिता के निधन की सूचना फ्लाइट के टेकऑफ होने के बाद मिली। भावुक बेटे ने बताया कि पिता पहली बार उससे मिलने आ रहे थे और उनके भव्य स्वागत के लिए नए कपड़े, केक और गुलदस्ता लेकर पूरी तैयारी की गई थी। इतने सालों बाद होने वाला मिलन पल भर में मातम में बदल गया। इसके बाद शव को दूसरे विमान के जरिए वापस लाया गया। परगण सिंह की मौत की खबर मिलते ही पूरे मूनक खुर्द गांव में शोक की लहर दौड़ गई। गांव के गुरुद्वारा साहिब की कमेटी के सदस्यों ने भी उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया, जहां वे हमेशा सेवा में योगदान देते थे। बेटे ने इटली से गांव लौटकर नम आंखों से पिता का अंतिम संस्कार किया।





