जालंधर: शहर से जंडू सिंघा जाने वाले मुख्य मार्ग पर एक ऐसा दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जो किसी की भी रूह कंपा दे। यहां पुल निर्माण कंपनी की लापरवाही और लोगों की संवेदनहीनता के कारण एक बाइक सवार युवक की तड़प-तड़प कर मौत हो गई। पुल का पिलर बनाने के लिए खोदे गए करीब 20 फुट गहरे गड्ढे में रात के अंधेरे में बाइक समेत गिरे इस युवक ने कई घंटों तक जिंदगी की भीख मांगी, लेकिन पास ही सो रहे मजदूरों ने उसकी चीखें सुनकर भी मदद के लिए हाथ नहीं बढ़ाया।
सुबह दुकानदारों ने देखा दिल दहला देने वाला मंजर
इस खौफनाक घटना का खुलासा अगली सुबह उस वक्त हुआ जब आसपास के दुकानदारों ने अपना कामकाज शुरू किया। गड्ढे के ठीक पास अपनी दुकान चलाने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि सुबह जब उसने अचानक गड्ढे की तरफ नजर दौड़ाई, तो अंदर एक बाइक गिरी हुई दिखाई दी। जब उसने और गहराई से अंदर झांककर देखा, तो वहां युवक का शव भी पड़ा हुआ था। हादसे के दौरान युवक को इतनी भयानक चोटें आई थीं कि एक लोहे का सरिया लगने के कारण उसकी आंख तक बाहर निकल चुकी थी।
इंसानियत हुई शर्मसार, मदद के लिए नहीं उठी लेबर
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे हैरान करने वाली बात वहां मौजूद लेबर का रवैया रहा। जब दुकानदारों ने आसपास मौजूद मजदूरों से पूछा कि बाइक अंदर कैसे गई, तो उन्होंने बेहद लापरवाही से जवाब दिया कि रात करीब साढ़े 11 बजे बाइक गिरने की तेज आवाज तो आई थी, लेकिन उन्होंने सोचा कि गिरने वाला व्यक्ति खुद ही बाहर निकल गया होगा। अगर उन मजदूरों ने थोड़ी सी भी इंसानियत दिखाते हुए उस वक्त गड्ढे में झांक लिया होता, तो शायद समय पर इलाज मिलने से इस युवक की जान बच सकती थी।
मोबाइल और पर्स गायब, शिनाख्त में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही जालंधर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद शव को गड्ढे से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। हैरानी की बात यह है कि मृतक के पास से हेडफोन तो बरामद हुआ है, लेकिन उसका मोबाइल और पर्स दोनों रहस्यमयी तरीके से गायब मिले हैं, जो कई तरह के सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से गहनता से जांच की जा रही है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है और उसकी शिनाख्त के लिए आसपास के सभी थानों में सूचना दे दी गई है।

A biker fell into a 20-feet deep pit in Jalandhar and suffered a painful death all night








