जालंधर: जालंधर के लोगों को मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बड़ी सौगात दी है। जालंधर में आज हुई पंजाब कैबिनेट की बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कई फैसलों को मंजूरी दी। दरअसल, कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने प्रेस कांफ्रेंस कर जालंधर उपचुनाव में ऐतिहासिक जीत के लिए जालंधर की जनता का धन्यवाद किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जालंधर की जनता ने हमारा हौसला बढ़ाया है, जिले को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए केंद्र सरकार से और फंड लाया जाएगा। सुशील रिंकू ने अभी तक सांसद पद की शपथ नहीं ली है और राज्य सरकार ने सौंदर्यीकरण के लिए पहली किस्त के रूप में 95.16 करोड़ रुपए निगम कमिश्नर को जारी कर दिए हैं।
नगर निगम को 16 करोड़ जारी किए गए हैं। वहीं जालंधर से होशियारपुर के रास्ते हिमाचल को जोड़ने वाली आदमपुर सड़क का निर्माण शुरू हो गया है, जो सितंबर से पहले बनकर तैयार हो जाएगा।
इसके अलावा कैबिनेट की बैठक में और भी कई बड़े फैसले लिए गए, जिसमें आबकारी विभाग में 18 नए पद सृजित करने की मंजूरी दी गई। माल पटवारी का प्रशिक्षण समय डेढ़ वर्ष से बढ़ाकर एक वर्ष किया गया है, प्रशिक्षण का समय भी सेवा में जोड़ा जायेगा। 497 सफाईकर्मियों की सेवा को एक साल बढ़ाने को हरी झंडी दी गई। गडवासु शिक्षकों को यूजीसी स्केल पर वेतन मिलेगा। मानसा के गोबिंदपुरा में सोलर प्लांट की स्वीकृति। गुराया-जंडियाला सड़क का निर्माण शीघ्र किया जाएगा।