जालंधर: नया वित्त वर्ष और अप्रैल का महीना शुरू होते ही स्कूली बच्चों और सरकारी कर्मचारियों के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। इस पूरे महीने में छुट्टियों की झड़ी लगने वाली है। पंजाब सरकार के अवकाश कैलेंडर के मुताबिक, अप्रैल में कई प्रमुख त्योहारों और जयंतियों के कारण सरकारी छुट्टियां घोषित की गई हैं। इन विशेष मौकों पर प्रदेश भर के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल, कॉलेज, अन्य शैक्षणिक संस्थान और सरकारी दफ्तर पूरी तरह से बंद रहेंगे। अगर आप भी इस महीने किसी सरकारी दफ्तर से जुड़े काम निपटाने या परिवार के साथ कहीं घूमने की योजना बना रहे हैं, तो छुट्टियों की यह लिस्ट आपके बहुत काम आने वाली है।
गुड फ्राइडे और श्री गुरु नाभा दास जी जयंती से होगी छुट्टियों की शुरुआत
इस महीने सार्वजनिक छुट्टियों का सिलसिला पहले हफ्ते से ही शुरू होने जा रहा है। अप्रैल महीने की पहली बड़ी सरकारी छुट्टी 3 अप्रैल को आ रही है। इस दिन शुक्रवार पड़ रहा है और ईसाई धर्म के प्रमुख पर्व ‘गुड फ्राइडे’ के अवसर पर राज्य भर में अवकाश रहेगा। इसके ठीक कुछ दिन बाद, अगले हफ्ते 8 अप्रैल (बुधवार) को भी प्रदेश में सार्वजनिक छुट्टी घोषित की गई है। यह अवकाश श्री गुरु नाभा दास जी की जयंती के उपलक्ष्य में रहेगा, जिस दिन सभी स्कूल-कॉलेज और सरकारी कामकाज पूरी तरह ठप रहेंगे।
बैसाखी, अंबेडकर जयंती और परशुराम जयंती पर भी रहेगा अवकाश
त्योहारों और छुट्टियों का यह दौर महीने के मध्य में भी जारी रहेगा। 14 अप्रैल (मंगलवार) को पंजाब में एक साथ दो बड़े पर्व मनाए जाएंगे। इस दिन जहां एक तरफ फसल पकने की खुशी में प्रमुख त्योहार ‘बैसाखी’ पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा, वहीं दूसरी तरफ संविधान निर्माता डॉ. बी. आर. अंबेडकर जी की जयंती भी है। इन दोनों अहम मौकों को लेकर पूरे राज्य में राजपत्रित अवकाश रहेगा। इसके बाद महीने के तीसरे हफ्ते में 19 अप्रैल को भगवान परशुराम जी की जयंती भी आ रही है। हालांकि, इस बार 19 अप्रैल को रविवार पड़ रहा है, जिसके चलते लोगों को यह छुट्टी आम सप्ताहांत के अवकाश के साथ ही मनाने को मिलेगी।

Government Order Declares Holiday in Punjab on April 3; Schools, Colleges, and Government Offices to Remain Closed.




