चंडीगढ़: शहर के स्कूलों को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सेक्टर-38 स्थित विवेक हाई स्कूल और मनीमाजरा के गुरुकुल भवन विद्यालय के प्रबंधकों को धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद प्रशासन और अभिभावकों में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और बम निरोधक दस्ता तुरंत मौके पर पहुंचा और एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
गुरुकुल स्कूल ने की बच्चों की छुट्टी
धमकी भरा ईमेल मिलने के तुरंत बाद मनीमाजरा स्थित गुरुकुल भवन स्कूल प्रबंधन ने बड़ा कदम उठाते हुए बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर छुट्टी कर दी। स्कूल की तरफ से अभिभावकों को तुरंत मैसेज भेजकर बच्चों को सुरक्षित घर ले जाने के लिए कहा गया। संदेश मिलते ही घबराए हुए माता-पिता आनन-फानन में स्कूल पहुंचे और अपने बच्चों को घर ले गए।
पुलिस जांच के बाद विवेक हाई स्कूल में पढ़ाई जारी
दूसरी ओर, सेक्टर-38 स्थित विवेक हाई स्कूल में पुलिस और बम स्क्वॉड की गहन जांच के बाद कोई भी आपत्तिजनक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। स्कूल प्रबंधन की ओर से साफ किया गया है कि सुबह पुलिस जांच पूरी होने के बाद स्कूल में नियमित कक्षाएं चल रही हैं और कोई आधिकारिक छुट्टी नहीं की गई है। हालांकि, घटना की जानकारी मिलने पर कुछ अभिभावक स्वेच्छा से अपने बच्चों को लेने स्कूल पहुंचे।
एक महीने पहले 30 स्कूलों को मिली थी धमकी
चंडीगढ़ में स्कूलों को बम से उड़ाने की यह धमकी पहली बार नहीं मिली है। ठीक एक महीने पहले भी शहर के करीब 30 स्कूलों को इसी तरह की धमकी भरी मेल भेजी गई थी। वह धमकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे से ठीक पहले खालिस्तानी आतंकियों की ओर से दी गई थी। अब इस ताजा मामले के बाद चंडीगढ़ पुलिस और साइबर सेल पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है और ईमेल भेजने वाले की तलाश की जा रही है।

Chandigarh faces renewed terror threats against two prominent schools; police beef up security




