चंडीगढ़: शहर के सेक्टर-36 स्थित फ्रेगरेंस गार्डन में एक रूह कंपा देने वाली हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड को मिलने के बहाने पार्क में बुलाया और फिर बेरहमी से चाकू से उसका गला रेत दिया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन खून से लथपथ हालत में मृतका ने अपनी आखिरी सांसों के बीच अपनी मां को फोन कर अपने कातिल का नाम बता दिया। पुलिस ने हत्या के आरोप में युवक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
‘मां, विनय ने मुझे चाकू मार दिया है… मुझे बचा लो’
इस दर्दनाक घटना की शिकार हुई 23 वर्षीय सुहानी की मां अनीता ने बताया कि उनकी बेटी रविवार रात मार्केट से चॉकलेट लाने की बात कहकर घर से निकली थी। जब वह 15 मिनट तक नहीं लौटी, तो उन्होंने उसे फोन किया। तीन बार घंटी बजने के बाद भी फोन नहीं उठा, लेकिन चौथी बार जब सुहानी ने कॉल रिसीव की तो उसकी आवाज कांप रही थी। उसने घबराते हुए सिर्फ इतना कहा कि मां, विनय ने मुझे चाकू मार दिया है, मैं 36 के पार्क में हूं, मुझे बचा लो। यह सुनकर घबराए परिजन तुरंत पार्क की तरफ दौड़ पड़े।
एंबुलेंस के इंतजार में तड़पती रही बेटी, पुलिस पर अनदेखी का आरोप
पार्क में बदहवास परिजन अपनी बेटी को ढूंढ ही रहे थे कि तभी वहां पुलिस भी पहुंच गई। सैर करने आए एक राहगीर ने पुलिस को खून से लथपथ युवती के पड़े होने की सूचना दी थी। मृतका के पिता महेश ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि जब वे मौके पर पहुंचे तो सुहानी के गले से खून बह रहा था और उसकी सांसें चल रही थीं। पिता का आरोप है कि पुलिस ने उसे तुरंत अपनी गाड़ी से अस्पताल ले जाने के बजाय एंबुलेंस का इंतजार किया और उनकी बेटी को उठाने में भी परिवार की कोई मदद नहीं की। एंबुलेंस पार्क के अंदर नहीं जा सकी, जिसके चलते परिजनों को खुद ही उसे उठाकर बाहर लाना पड़ा। सेक्टर-16 स्थित अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पड़ोस की मिठाई दुकान में काम करता था आरोपी, पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतका सुहानी का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के जटवापुर गांव का रहने वाला है और पिछले कई सालों से चंडीगढ़ के सेक्टर-35 में निवास कर रहा था। वहीं, वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी विनय मूल रूप से बिहार के मधुबनी का निवासी है और सुहानी के घर के पास ही एक मिठाई की दुकान पर काम करता था। पुलिस ने हत्या के इस सनसनीखेज मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी विनय को बुड़ैल इलाके से गिरफ्तार कर लिया है और अब उससे हत्या के कारणों को लेकर पूछताछ की जा रही है।

A horrific incident took place in Chandigarh’s Fragrance Garden. A boyfriend called his girlfriend to meet him and slit her throat




