चंडीगढ़: पंजाब सरकार ने नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अब जिले के नागरिक परिवहन विभाग से संबंधित 29 प्रकार की सेवाएं सीधे अपने नजदीकी सेवा केंद्रों से प्राप्त कर सकेंगे। इस संबंध में रीजनल ट्रांसपोर्ट ऑफिसर (आर.टी.ओ.) बलजीत कौर ने जानकारी देते हुए बताया कि यह पहल प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सुगम बनाने और आम जनता को उनके घर के पास ही सरकारी सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में जिले के सभी सेवा केंद्रों के कर्मचारियों और सेवा सहायकों को परिवहन विभाग से जुड़ी इन 29 सेवाओं के बारे में विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया है, ताकि वे नागरिकों को बिना किसी परेशानी के ये सेवाएं प्रदान कर सकें। अब कोई भी नागरिक अपने ड्राइविंग लाइसेंस या वाहन के पंजीकरण से संबंधित सेवाओं के लिए आवश्यक दस्तावेज लेकर अपने नजदीकी सेवा केंद्र पर सरलता से आवेदन कर सकता है। इससे लोगों को आर.टी.ओ. कार्यालय जाकर लंबी प्रतीक्षा करने की आवश्यकता नहीं होगी और उनके समय की भी बचत होगी। इन 29 सेवाओं में ड्राइविंग लाइसेंस जारी करवाना, नवीनीकरण, डुप्लीकेट लाइसेंस, लाइसेंस में श्रेणी जोड़ना, वाहन का पंजीकरण, पंजीकरण प्रमाण पत्र में पता बदलना, डुप्लीकेट पंजीकरण प्रमाण पत्र, फाइनेंस हटाना या जोड़ना, वाहन का नाम बदलना और अन्य कई महत्वपूर्ण सेवाएं शामिल हैं।
आर.टी.ओ. बलजीत कौर ने इस अवसर पर कहा कि इस पहल से नागरिकों को तकनीक के माध्यम से तेज, पारदर्शी और लाभकारी सेवाएं मिलेंगी। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने नजदीकी सेवा केंद्र या पंजाब सरकार की आधिकारिक वेबसाइट से जानकारी प्राप्त करके इन सेवाओं का लाभ उठाएं। इस मौके पर सहायक ट्रांसपोर्ट ऑफिसर शलिंदर गोयल, सहायक जिला आई.टी. मैनेजर तलविंदर सिंह, सेवा केंद्र जिला मैनेजर जतिंदर सिंह, सहायक जिला मैनेजर सेवा केंद्र सुखवीरपाल सिंह, सेवा केंद्र मास्टर ट्रेनर सतनाम सिंह, बरजिंदर सिंह सोथा और नीरज कुमार (क्लर्क, आर.टी.ओ. कार्यालय) भी उपस्थित थे।
View this post on Instagram
Punjab government’s big decision